logo

बड़े लोगों तक पहुंची भर्ती घोटाले की आंच, जरूरी है सीबीआई जांच : भाजपा

बड़े लोगों तक पहुंची भर्ती घोटाले की आंच, जरूरी है सीबीआई जांच : भाजपा

द फॉलोअप, रांची

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय शर्मा ने कहा कि झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में सामने आ रहे घोटाले की परतें लगातार खुल रही हैं और जांच में सामने आए तथ्य इस पूरे नेटवर्क की गहराई और व्यापकता को उजागर कर रहे हैं। यह मामला किसी एक परीक्षा, कुछ अभ्यर्थियों या निचले स्तर के कर्मचारियों की गड़बड़ी तक सीमित नहीं है। जिस तरह परीक्षा प्रक्रिया के अलग-अलग स्तरों पर हेराफेरी के तथ्य सामने आ रहे हैं, उससे बड़े और प्रभावशाली लोगों की भूमिका की भी जांच आवश्यक हो गई है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए।

मृत्युंजय शर्मा ने कहा कि जेपीएससी की एसीएफ-एफआरओ परीक्षा में सामने आए तथ्य बेहद गंभीर हैं। जांच में आरोपियों के बयानों के अनुसार स्ट्रॉन्ग रूम से करीब 30 उत्तर पुस्तिकाएं बाहर निकालकर लिखवाई गईं और फिर वापस जमा कराई गईं। करीब 40 उत्तर पुस्तिकाओं में पीडीएफ एडिटर के माध्यम से बदलाव किए जाने की बात सामने आई है। करीब 100 अभ्यर्थियों को परीक्षा में अनुचित तरीके से सफल कराने के लिए करोड़ों रुपये की वसूली किए जाने में करोड़ों रुपये के नकद लेन-देन का भी उल्लेख सामने आया है।

उन्होंने कहा कि घोटाले का तरीका भी बेहद संगठित दिखाई देता है। खाली ओएमआर शीट भरने के लिए बाहर से लोगों को बुलाने, परीक्षा के प्रश्नों को केंद्र से बाहर ले जाने, विशेषज्ञों से उत्तर लिखवाने और बाद में उत्तर पुस्तिकाओं को वापस जमा कराने जैसी बातें सामने आई हैं। सवाल यह है कि स्ट्रॉन्ग रूम जैसी सुरक्षित व्यवस्था से उत्तर पुस्तिकाएं बाहर कैसे निकलीं? उन्हें बाहर ले जाने और वापस जमा कराने की अनुमति या संरक्षण किस स्तर से मिला? परीक्षा व्यवस्था से जुड़े इतने महत्वपूर्ण हिस्सों तक बाहरी लोगों की पहुंच कैसे बनी?

Tags - BJP Jharkhand recruitment scam CBI probe high-profile