द फॉलोअप डेस्क
रांची के बीआईटी मेसरा से पास आउट और लंदन में फेसबुक में कार्यरत सुशांत कुमार सिंह ने मरने के बाद भी चार लोगों को जीवन दे दिया। बोकारो स्टील प्लांट से रिटायर्ड व वर्तमान में रांची निवासी सुरेंद्र कुमार सिंह के 30 वर्षीय पुत्र सुशांत कुमार सिंह ने अपने सभी अंगों और टिश्यू का दान किया। सुशांत की मृत्यु ब्रेन हेमरेज के कारण हुई। उन्होंने अपने सभी अंगों का दान कर और जिंदगियां बचाई। सुशांत ने अपने नेत्र के ऊतक भी दान कर चुके थे। उनके इस नेक कार्य की वजह से अंग ट्रांसप्लांट कर चार लोगों को नए जीवन का अमूल्य उपहार मिला। लंदन के ऑर्गन और टिश्यू डोनेशन और ट्रांसप्लांटेशन टीम के आधिकारिक पत्र में सुशांत द्वारा दान किए गए अंग ट्रांसप्लांट से चार लोगों को मिले जीवनदान की जानकारी दी गई है।

इन चार लोगों की जान सुशांत ने मरणोपरांत बचाई
1. पचास साल की एक महिला को ट्रांसप्लांट प्रतीक्षा सूची में सिर्फ दो महीने के बाद ही हृदय ट्रांसप्लांट का उपहार प्राप्त हुआ।
2. पचास वर्ष की एक महिला को प्रतीक्षा सूची में सिर्फ दो दिनों के बाद एक जीवनरक्षक यकृत ट्रांसप्लांट प्राप्त हो गया।
3. तीन साल से अधिक समय तक ट्रांसप्लांट की प्रतीक्षा सूची में रहने के बाद किशोरवय की एक युवा लड़की को किडनी ट्रांसप्लांट प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
4. अपने चालीसवें साल में एक सज्जन को दो अंग का ट्रांसप्लांट प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। छह साल तक प्रतीक्षा सूची में रहने के बाद उन्हें एक किडनी और एक अग्न्याशय का ट्रांसप्लांट मिला।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT