logo

हेमंत सोरेन को हाईकोर्ट से बेल पर क्या कह रहे हैं BJP के नेता, अमर बाउरी ने किया तंज

a4120.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

हेमंत सोरेन को हाईकोर्ट से मिली जमानत और इस पर सत्तापक्ष में जश्न को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तंज किया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने जमानत दिया है। ये स्वाभाविक कानूनी प्रक्रिया है, समझ से परे है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा जश्न क्यों मना रहा है? प्रतुल शाहदेव ने कहा कि हेमंत सोरेन को दोषमुक्त नहीं किया गया है। प्रतुल शाहदेव ने हेमंत सोरेन को मिली जमानत पर झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रतिक्रिया को अदालत की अवमानना बताया। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि हाईकोर्ट की डबल बेंच ने जमीन घोटाला केस में प्रथम दृष्टया हेमंत सोरेन पर लगे आरोपों को सही पाया है। 

प्रतुल शाहदेव ने ये सवाल उठाये
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि हेमंत सोरेन ने हाईकोर्ट में जब अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी थी तो केस संख्या WP(Cr) 68/2024 में दिनांक 3 मई, 2024 को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश और न्यायमूर्ति नवनीत कुमार की बेंच ने अपने जजमेंट में प्रथम दृष्टया हेमंत सोरेन के खिलाफ लगे आरोपों को सही माना था। हाई कोर्ट की डबल बेंच ने ईडी की प्रारंभिक कार्रवाई को भी जायज ठहराया था। हेमंत सोरेन के द्वारा एक आदिवासी होने के कारण प्रताड़ित करने के आरोपों पर उच्च न्यायालय ने कहा था कि यह एक हारते हुए मुवक्किल को बचाने का अंतिम प्रयास लगता है। हाईकोर्ट ने हेमंत सोरेन के दिल्ली स्थित आवास से बरामद 36 लाख रुपए को लेकर उनके द्वारा दिए गए जवाब में  माता-पिता के इलाज हेतु पैसा रखने की दलील को भी असमर्थनीय माना था। 

भ्रष्टाचारियों को बख्शा नहीं जायेगा!
प्रतुल ने कहा उच्च न्यायालय ने हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी को चुनौती करने वाली याचिका को खारिज कर दिया था। प्रतुल ने कहा कि सुविधा की राजनीति के अनुसार झारखंड मुक्ति मोर्चा सिर्फ जमानत के सीमित मुद्दे पर दिए गए उच्च न्यायालय के सिंगल जज के जजमेंट को दिखा रहा है। लेकिन डबल बेंच के टिप्पणियों को नजरअंदाज कर रहा है। प्रतुल ने कहा सत्य की हमेशा जीत होती है और जिन लोगों ने भी भ्रष्टाचार किया है मोदी जी के न्यू इंडिया में ऐसे भ्रष्टाचारियों को बक्शा नहीं जा सकता है।

अमर बाउरी ने साजिश के आरोपों पर ये कहा
नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी बाउरी ने कहा कि हेमंत सोरेन को बेल मिलना एक संवैधानिक प्रक्रिया है। न्यायपालिका ने एक निर्णय सुनाया है। झामुमो कांग्रेस को बताना चाहिए कि हेमंत सोरेन जेल भी गए थे तो न्यायालय की संवैधानिक प्रक्रिया के तहत और आज बेल भी मिला है तो वह भी एक संवैधानिक प्रक्रिया के तहत। लेकिन भाजपा पर दोषारोपण कर जनता को दिग्भ्रमित करना इनका दोहरा चरित्र है। उन्होंने कहा कि ऐसे भी हेमंत सोरेन बेल पर जेल से बाहर आए हैं ये अभी मुकदमों से बरी नही हुए हैं।
 

Tags - Hemant Soren BailLand Scam CaseBJPJharkhand News