logo

जामताड़ा में जंगल से भटककर रिहायशी इलाके में पहुंचा दुर्लभ जीव सजारू, वन विभाग ने किया रेस्क्यू 

jam_SAJARU.jpg

जामताड़ा 

जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड क्षेत्र के भागवत झा आजाद कॉलेज परिसर के समीप शुक्रवार की सुबह एक दुर्लभ जंगली जानवर दिखने से इलाके में हड़कंप मच गया। शरीर पर नुकीले कांटों से ढके इस अजीबोगरीब जीव को देखने के लिए स्थानीय लोगों और कॉलेज के छात्रों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बाद में इसकी पहचान 'सजारू' (शाही) के रूप में हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब छात्र और आस-पास के लोग कॉलेज परिसर के पास से गुजर रहे थे, तब उनकी नजर इस अनोखे वन्य जीव पर पड़ी। कांटों से घिरे इस दुर्लभ जीव को देखकर लोग हैरान रह गए। शोर-शराबा और लोगों की बढ़ती भीड़ को देखकर 'सजारू' घबरा गया और खुद को बचाने के लिए पास की झाड़ियों में छिपने का प्रयास करने लगा। वहीं मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए इसकी सूचना तुरंत वन विभाग के अधिकारियों को दी।

घने जंगल में छोड़ दिया

सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने बेहद सावधानी और सुरक्षात्मक तरीके से सजारू को अपने कब्जे में लिया। वन अधिकारियों ने बताया कि यह एक शाही (Porcupine) है, जो आमतौर पर बेहद घने जंगलों में रहना पसंद करता है। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, इस जीव का आबादी वाले क्षेत्र के पास आना इस बात का साफ संकेत है कि भीषण गर्मी में भोजन या पानी की तलाश में यह अपने प्राकृतिक आवास से भटककर रिहायशी इलाके की तरफ आ गया होगा। वन विभाग की टीम ने प्राथमिक जांच के बाद पुष्टि की है कि जानवर पूरी तरह से स्वस्थ और सुरक्षित है, उसे कोई चोट नहीं आई है। अधिकारियों ने कहा कि औपचारिक स्वास्थ्य परीक्षण (मेडिकल चेकअप) की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद, इसे इसके प्राकृतिक वातावरण में रहने के लिए नजदीकी सुरक्षित और घने जंगल में छोड़ दिया जाएगा। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि ऐसे वन्यजीव दिखने पर उन्हें नुकसान न पहुंचाएं और तुरंत प्रशासन को सूचित करें।

Tags - Porcupine Rare Wild Animal Wildlife Rescue Forest Department Jharkhand Wildlife