हजारीबाग:
Hazaribagh News: हजारीबाग जिले के बरही में अपराधियों ने एक बार फिर गोलीबारी कर दहशत फैला दी। शुक्रवार को बाइक सवार दो अपराधियों ने बरही स्थित AK Palace होटल को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने घटनास्थल पर एक पर्चा फेंका और फरार हो गए। पर्चे पर 'महाकाल राहुल दुबे गैंग' का नाम लिखा हुआ है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इस गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।जानकारी के अनुसार, दोनों अपराधी अपाचे बाइक से होटल पहुंचे थे। उन्होंने होटल को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग के बाद मौके पर पर्चा फेंककर दोनों फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से पर्चा बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

पर्चे पर लिखा मिला महाकाल राहुल दुबे गैंग का नाम
पुलिस को घटनास्थल से जो पर्चा मिला है, उस पर महाकाल राहुल दुबे गैंग का नाम लिखा हुआ है। इसके बाद वारदात में इस गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले हजारीबाग शहर के मटवारी स्थित होटल AK International पर भी गोलीबारी हुई थी। उस घटना में भी राहुल दुबे ने सोशल मीडिया के माध्यम से जिम्मेदारी लेने का संदेश जारी किया था। अब बरही में एके पैलेस होटल को निशाना बनाए जाने के बाद जिले में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर कारोबारियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।

10 दिन पहले होटल संचालक को मिली थी धमकी
होटल संचालक वीरेंद्र रजक ने बताया कि घटना से करीब 10 दिन पहले उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी मिली थी। उनके अनुसार, केदार यादव नामक व्यक्ति ने होटल को लेकर उन्हें देख लेने की चेतावनी दी थी। होटल संचालक ने आशंका जताई कि इसी धमकी के बाद उनके होटल पर फायरिंग कराई गई है। वीरेंद्र रजक ने इस घटना में केदार यादव की भूमिका होने की भी आशंका जताई है। बताया गया है कि केदार यादव पिछले विधानसभा चुनाव में बरही विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं। फिलहाल उनके कांग्रेस से जुड़े होने की जानकारी दी गई है। हालांकि, इस मामले में उनकी भूमिका की पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं हुई है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, छापेमारी जारी
घटना के बाद बरही पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए अपराधियों की पहचान करने और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से बरामद पर्चे की सत्यता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। बरही में होटल पर हुई इस फायरिंग की घटना ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था और कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।