logo

14 महीने से वेतन नहीं मिलने पर भड़के वोकेशनल शिक्षक, CM आवास का किया घेराव 

V_TEACHER.jpg

रांची 
झारखंड भर के 2,000 से अधिक वोकेशनल टीचर 14 महीने से बकाया वेतन के भुगतान की मांग को लेकर शनिवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में जुटे शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शनकारी शिक्षक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सीधे मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने कहा कि पिछले 14 महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके परिवारों के सामने रोजमर्रा के खर्च चलाने तक की समस्या उत्पन्न हो गई है। उनका आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों के समक्ष अपनी मांग रखी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

इसी वजह से उन्हें मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। इधर, मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मौके पर सदर डीएसपी संजीव बेसरा, गोंदा थाना प्रभारी सहित पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स और जिला पुलिस के जवानों को भी तैनात किया गया है। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने का प्रयास कर रही है। प्रदर्शनकारी शिक्षकों का कहना है कि जब तक उनकी मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं होती और वेतन भुगतान को लेकर स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलता, तब तक वे आंदोलन स्थल से नहीं हटेंगे।

Tags - Vocational Teachers Salary Protest Chief Minister Residence Education Department Jharkhand Unpaid Salary Issue