रांचीः
रेलवे की एक बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। यहां दो ट्रेनों को उसके तय स्पीड से पांच गुणा अधिक स्पीड पर दौड़ा दिया गया, जिससे बड़ी घटना हो सकती थी लेकिन समय रहते ट्रेन की स्पीड को कम कर लिया गया। मामला हटिया-राउरकेला रेलखंड के बालश्रृंग-लोधमा का है।

लोको पायलट ने की लापरवाही
दरअसल रेलवे ट्रैक काम चल रहा था इसलिए ट्रेन की स्पीड 20 किमी तय दी गई थी। लेकिन, ट्रेन चालक ने हटिया से यशवंतपुर जा रही ट्रेन को 100 किमी की स्पीड से दौड़ा दी है। इसके साथ ही तपस्विनी एक्सप्रेस ट्रेन को भी 100 की स्पीड से दौड़ा दिया गया है। इसके बाद रांची रेल डिवीजन के DRM प्रदीप गुप्ता ने दोनों ट्रेन चालक को सस्पेंड कर दिया है और जांच के आदेश दिए हैं।
स्पीड लिमिट को ताक पर रखा
ट्रेन ले जाने से पहले लोको पायलट को यह लिखित रूप से बताया गया था कि जिस रूट पर ट्रेन लेकर जा रहे हैं, उसमें ट्रेन की स्पीड 20 किमी रखनी है। इसके बावजूद पायलट ने स्पीड 100 किमी रखा। इस घटना के बाद DRM ने रेलवे अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई है और दोषियों पर कार्रवाई का आदेश दिया है। हाल फिलहाल में ही हटिया-राउरकेला रेल मार्ग पर ही हाल में 2 मालगाड़ी आमने-सामने टकरा गई थी। जांच के बाद लोको पायलट और स्टेशन मास्टर पर कार्रवाई की गई। क्योकि, गलत तरीके से सिग्नल दिया गया था।

दुर्घटना टल गई, दोनों को सस्पेंड कर दिया
रांची रेल डिवीजन के DRM ने कहा है कि लोको पायलेट को यह मालूम था कि ट्रेन की स्पीड 20 किमी रखनी है। लेकिन दो ट्रेन 100 की स्पीड से चलाई गई हैं। इससे एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। फिलहाल दोनों लोको पायलट को सस्पेंड कर दिया गया है और जांच के आदेश दिए हैं। हालांकि पायलट ने कहा है कि उनसे गलती हो गयी है।