द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां उमेडंडा गांव को उग्रवादी संगठन TSPC के पहाड़ी जी दस्ता ने मंगलवार 3 दिसंबर को बंद कराया है। मिली जानकारी के मुताबिक, पहाड़ी जी दस्ता के सदस्य सोमवार रात में उमेडंडा पहुंचे थे। यहां उन्होंने दुकानदारों के साथ मारपीट की। इस दौरान उग्रवादियों ने स्थानीय लोगों को हथियार का भय दिखाया और मंगलवार को दुकानें बंद करने की धमकी दी।
गांव में पसरा सन्नाटा
वहीं, धमकी मिलने के बाद मंगलवार सुबह से ही उमेडंडा गांव में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है। सभी दुकानें बंद हैं, साथ ही रास्ते में एक गाड़ी भी नहीं चल रही है। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रितेश कुमार पुलिस बल के साथ उमेडंडा पहुंचे। वहां, उन्होंने दुकानदारों से दुकान खोलने की अपील की। लेकिन धमकी मिलने के बाद कोई भी दुकानदार दुकान खोलने के लिए तैयार नहीं हुआ।
पुलिस कर रही इलाके में गस्त
बता दें कि इस दौरान गांव में मौजूद इंडियन बैंक भी बंद है। वहीं, पुलिस इलाके की स्थिति को सामान्य बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसे लेकर पुलिस बल उमेडंडा में गस्त कर रही है। हालांकि, अब तक इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है कि पहाड़ी दस्ता के सदस्यों ने उमेडंडा बंद क्यों किया है। लेकिन घटना के बाद से ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
