logo

रांची के 3 नए फ्लाईओवर अरगोड़ा, हरमू और करमटोली परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया शुरू

ितब1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची को जल्द ही तीन नए फ्लाईओवर मिलने वाले हैं। अरगोड़ा, हरमू और करमटोली फ्लाईओवर परियोजनाओं की सभी प्रशासनिक और तकनीकी अड़चनें दूर कर दी गई हैं। इसके बाद तीनों परियोजनाओं को टेंडर प्रक्रिया में भेज दिया गया है। स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड (SAJ) की ओर से इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) मोड पर निर्माण के लिए कंपनियों से रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (RFP) आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक कंपनियां 17 अगस्त तक ई-टेंडर के माध्यम से आवेदन जमा कर सकेंगी, जबकि 18 अगस्त को टेंडर खोले जाएंगे।


223 करोड़ से बनेगा अरगोड़ा फ्लाईओवर
अरगोड़ा फ्लाईओवर का निर्माण 223.14 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। यह फ्लाईओवर हरमू रोड पर काव्स रेस्टोरेंट के पास से शुरू होकर डिबडीह ब्रिज से पहले तक बनेगा। इसके अलावा अरगोड़ा चौक से कचहरी मोड़ की ओर चापुटोली और अशोक नगर रोड नंबर-3 तक इसकी कनेक्टिविटी होगी। करीब 3.804 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर से शहर के चार प्रमुख मार्ग आपस में जुड़ेंगे, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।


करमटोली से साइंस सिटी तक बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर

करमटोली फ्लाईओवर करमटोली चौक से साइंस सिटी (चिरौंदी) तक बनाया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 3.216 किलोमीटर होगी, जिसमें 2.7 किलोमीटर मुख्य फ्लाईओवर और करीब 520 मीटर का लिंक रोड मोरहाबादी की ओर बनाया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 351 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस लागत में निर्माण कार्य के साथ भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास, यूटिलिटी शिफ्टिंग और सौंदर्यीकरण का खर्च भी शामिल है। इससे मोरहाबादी और साइंस सिटी की ओर आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।


हरमू फ्लाईओवर का दोबारा जारी हुआ टेंडर
हरमू फ्लाईओवर सहजानंद चौक से पहले शुरू होकर हरमू रोड और रातू रोड को पार करते हुए कांके रोड स्थित एसीबी कार्यालय से पहले तक जाएगा। इसकी लंबाई करीब 3.5 किलोमीटर होगी और इसे जज कॉलोनी के पास उतारा जाएगा। पहले जारी टेंडर में कुछ संशोधन किए गए थे, जिसके बाद अब दोबारा टेंडर जारी किया गया है। परियोजना के तहत सहजानंद चौक की ओर से आने वाले वाहनों को रातू रोड जाने के लिए गौशाला के सामने उतरने की सुविधा भी दी जाएगी। इन तीनों फ्लाईओवरों के निर्माण से राजधानी में ट्रैफिक दबाव कम होने और आवागमन को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

Tags - Ranchi Jharkhand Flyover Infrastructure Development