logo

सुखदेवनगर थाना पहुंचे रांची SSP, जन शिकायत केंद्र में सुनीं लोगों की समस्याएं; FIR दर्ज करने का निर्देश

 सुखदेवनगर थाना पहुंचे रांची SSP, जन शिकायत केंद्र में सुनीं लोगों की समस्याएं; FIR दर्ज करने का निर्देश

द फॉलोअप डेस्क:

रांची (Ranchi) के सुखदेवनगर थाना (Sukhdeonagar Police Station) में आयोजित जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में रांची के SSP पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से वन-टू-वन बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने पुलिसिंग में कमियों, छोटी-मोटी आपराधिक घटनाओं, अड्डेबाजी, खुले में शराबखोरी और नशे के बढ़ते प्रभाव से जुड़ी शिकायतें रखीं। कुछ लोगों ने कहा कि पुलिस कार्रवाई तो करती है, लेकिन धरातल पर अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। SSP ने कहा कि पूरे रांची जिले के थानों में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में वह सुखदेवनगर थाना पहुंचे थे। यहां बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर आए। कई लोगों ने पुलिसिंग से जुड़ी शिकायतें और कमियां उनके सामने रखीं। SSP ने बताया कि कुछ पुराने मामलों में कार्रवाई नहीं होने की शिकायतें भी मिली हैं। एक मामले में उन्होंने FIR दर्ज करने का निर्देश दिया, जबकि व्यावसायिक विवाद से जुड़े मामलों में संबंधित प्राधिकारी के पास जाने की सलाह दी गई।

पेट्रोलिंग मजबूत करने का निर्देश

SSP ने सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में छोटी-मोटी आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता जताई। उन्होंने थाना प्रभारी को पुलिसिंग बेहतर करने और नियमित पेट्रोलिंग मजबूत करने का निर्देश दिया। साथ ही ASP कोतवाली से भी क्षेत्र की पुलिसिंग की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने को कहा, ताकि आम लोगों को सुरक्षा का बेहतर एहसास हो सके।

अड्डेबाजी और खुले में शराबखोरी पर होगी कार्रवाई

SSP ने कहा कि शराब दुकानों के आसपास खुले में शराब पीने और अनधिकृत दुकानों पर बैठकर शराबखोरी करने की शिकायतें सामने आई हैं। इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने थाना प्रभारी को ऐसे स्थानों की पहचान कर संबंधित विभाग के सहयोग से अनधिकृत दुकानों को हटवाने और अड्डेबाजी पर रोक लगाने का निर्देश दिया। मैदानों में अड्डेबाजी करने वालों को भी चिह्नित करने की बात कही गई। SSP ने निर्देश दिया कि ऐसे लोगों का रिकॉर्ड तैयार किया जाए, जिसमें उनकी पहचान, पता और आपराधिक इतिहास की जानकारी रखी जाए। जरूरत के अनुसार उनके अभिभावकों को भी जानकारी दी जाए।

टाइगर मोबाइल जवानों को बदलने की तैयारी

लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात टाइगर मोबाइल जवानों को लेकर SSP ने कहा कि पुलिस विभाग में समय-समय पर बदलाव सामान्य प्रक्रिया है। लंबे समय तक एक ही जगह रहने से पुलिसकर्मी वहां की परिस्थितियों के अभ्यस्त हो जाते हैं। ऐसे में नए जवानों को जिम्मेदारी देने से अपराध नियंत्रण में सुधार की उम्मीद है।

FIR दर्ज करना पुलिस का कर्तव्य

SSP ने स्पष्ट कहा कि यदि पुलिस को संज्ञेय अपराध होने की जानकारी मिलती है, तो नियमानुसार FIR दर्ज करना उसका कर्तव्य है। उन्होंने आम लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। यदि थाना FIR दर्ज नहीं करता है, तो लोग वरीय पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऐसी शिकायतों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Jharkhand News Jharkhand Latest News Ranchi SSP Rakesh Ranjan Ranchi News Today