द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
पटना के जमुना पैलेस के नीचे शनिवार सुबह CCL के रिटायर्ड जीएम आलोक कुमार का शव उनकी कार की ड्राइविंग सीट पर मिला। आलोक कुमार मूल रूप से रांची के गोंदा थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर, कांके रोड के रहने वाले थे। उनके कनपटी के पीछे गोली लगी थी। मौके से एक पिस्टल और खाली कारतूस भी बरामद किया गया है। सूचना मिलने के बाद राजीव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बताया गया कि कार का ड्राइविंग सीट वाला दरवाजा खुला था और शीशा भी नीचे था। सुबह करीब साढ़े पांच बजे गोली चलने की आवाज सुनाई देने की बात सामने आई है।

बहन के घर मिलने पटना आए थे आलोक कुमार
जानकारी के अनुसार, आलोक कुमार करीब तीन दिन पहले पटना आए थे और फ्रेंड्स कॉलोनी के 302-एफ ब्लॉक में रहने वाली अपनी बहन के घर ठहरे थे। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में मामला खुद को गोली मारने का प्रतीत होने की बात सामने आई है, हालांकि रिश्तेदारों ने हत्या की आशंका जताई है। इसी वजह से पुलिस आत्महत्या और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियां विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगी।

विदेश में रहता है बेटा
बताया गया कि आलोक कुमार का एक बेटा है, जो विदेश में रहता था। कुछ दिन पहले रांची स्थित उनके घर में चोरी की घटना होने की जानकारी भी सामने आई है। इसके अलावा आलोक कुमार जमीन के कारोबार से भी जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। पुलिस इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से बरामद पिस्टल, कारतूस और अन्य साक्ष्यों की जांच के साथ पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर गोली चलने की घटना किन परिस्थितियों में हुई।