द फॉलोअप डेस्क
रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र में सेवानिवृत्त CCL चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव चौधरी से 2.08 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ऐश्वर्या रेजिडेंसी, रोड नंबर-5 निवासी डॉ. चौधरी ने इस संबंध में पुंदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, हजारीबाग के साउथ शिवपुरी, बोद्दम बाजार निवासी पिंकू कुमार चौधरी ने पेट्रोल पंप में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का भरोसा दिलाकर उनसे पैसे लिए। आरोपी कई वर्षों से डॉ. चौधरी के परिचित बताए जाते हैं।

डीलरशिप मिलने की बात कहकर बनाया भरोसा
प्राथमिकी के मुताबिक, 20 मार्च 2022 को पिंकू कुमार चौधरी डॉ. ब्रह्मदेव चौधरी के घर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) से चौपारण के पांडेय बाड़ा में एनएच किनारे पेट्रोल पंप की डीलरशिप मंजूर हो चुकी है। उन्होंने पूंजी की कमी का हवाला देते हुए डॉ. चौधरी और उनकी पत्नी डॉ. प्रभा कुमारी को कारोबार में 49 प्रतिशत हिस्सेदार बनने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद 30 अप्रैल 2022 को 20 रुपये के स्टांप पेपर पर दोनों पक्षों के बीच एग्रीमेंट किया गया।

72.70 लाख का डिमांड ड्राफ्ट भी दिखाया
शिकायत के अनुसार, पिंकू चौधरी ने भरोसा दिलाया कि HPCL के समक्ष साझेदारी से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी करा दी जाएंगी। इसी दौरान उसने 72.70 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट भी डॉ. चौधरी को दिखाया। आरोप है कि पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी और कारोबार का भरोसा देकर बाद में उनसे बड़ी रकम ली गई और कुल 2.08 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। मामले में पुंदाग ओपी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।