logo

जमीन विवाद में भाई ने भाई की कुदाल से काटकर की हत्या, खेत किनारे मिला शव; पुलिस मौके पर पहुंच जांच में जुटी

जमीन विवाद में भाई ने भाई की कुदाल से काटकर की हत्या, खेत किनारे मिला शव; पुलिस मौके पर पहुंच जांच में जुटी

द फॉलोअप डेस्क: 

झारखंड के रांची जिले के रातू थाना क्षेत्र के चिपरा गांव में जमीन और संपत्ति विवाद को लेकर एक भाई ने अपने ही सगे भाई की हत्या कर दी। घटना मंगलवार की है। आरोप है कि जयनाथ उरांव ने अपने छोटे भाई भिखाराम उरांव पर फावड़े से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह उस समय हुई, जब ग्रामीणों ने चिपरा इलाके में खेत के किनारे एक व्यक्ति का शव देखा। शव खून से लथपथ था। 

लंबे समय से चल रहा था संपत्ति को ले कर विवाद 

इसकी सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तुरंत रातू थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से पैतृक जमीन और संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर जयनाथ उरांव ने कथित तौर पर पास में रखे फावड़े से भिखाराम उरांव पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से भिखाराम की मौत हो गई। 

जांच में जुटी पुलिस 

सूचना मिलने के बाद रातू थाना पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का जायजा लिया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी भाई जयनाथ उरांव के खिलाफ हत्या का आरोप है। घटना के बाद से वह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।
 

यह भी पढ़ें: राहुल-प्रियंका-खरगे ने की मदद की अपील, CM सम्राट ने घोषित की सहायता राशि

Tags - Ranchi News Ranchi Crime News Ratu News Ratu Crime News Jharkhand Crime