logo

राहुल-प्रियंका-खरगे ने की मदद की अपील, CM सम्राट ने घोषित की सहायता राशि

राहुल-प्रियंका-खरगे ने की मदद की अपील, CM सम्राट ने घोषित की सहायता राशि

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार में बाढ़ की वजह से हालात गंभीर बने हुए हैं। राज्य के 15 जिलों में बाढ़ का असर है और कई इलाकों में लाखों लोग प्रभावित हैं। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आगे आने की अपील की है। साथ ही उन्होंने बिहार सरकार और प्रशासन से राहत-बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों तक जल्द से जल्द जरूरी सहायता पहुंचाने की अपील की। राहुल गांधी ने एक्स पर बिहार की बाढ़ को लेकर दुख जताते हुए लिखा कि विनाशकारी बाढ़ से हुई जनहानि बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने इस आपदा में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति सहानुभूति जताई। राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आगे बढ़कर प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करें। वहीं, उन्होंने सरकार और प्रशासन से राहत और बचाव कार्य पूरी तत्परता के साथ चलाने और प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता जल्द पहुंचाने की अपेक्षा जताई।

प्रियंका गांधी ने भी जताई चिंता

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी बिहार में बाढ़ से हुई तबाही पर चिंता जताई। उन्होंने एक्स पर लिखा कि बिहार में भयानक बाढ़ की वजह से हुई तबाही का समाचार बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और बड़ी संख्या में जन-धन की हानि हुई है। प्रियंका गांधी ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने बिहार सरकार से राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने की अपील की, ताकि प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द मदद पहुंच सके। साथ ही प्रियंका गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी प्रभावित लोगों की यथासंभव मदद करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पूरा देश इस आपदा में प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने भी की अपील

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी बिहार की बाढ़ को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बाढ़ से हुई जनहानि बेहद पीड़ादायक है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। खरगे के मुताबिक, बिहार के 15 जिलों में करीब 50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और हजारों गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार की प्राथमिकता हर प्रभावित परिवार तक राहत और सहायता पहुंचाने की होनी चाहिए। उन्होंने सरकार और प्रशासन से राहत, बचाव, चिकित्सा सहायता और पुनर्वास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ने की अपील की।

यह भी पढ़ें:बिहार बाढ़ पीड़ितों के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का फैसला, 8 लाख से ज्यादा लोगों को मिलेंगे 7 हजार रुपये 
 

Tags - Bihar Flood Bihar Flood News Bihar Flood Update Bihar Flood 2026 Rahul Gandhi Bihar Flood