logo

Jharkhand News : रांची स्टेशन पर 10 अक्तूबर से बदलेगी व्यवस्था, खुलेगा दक्षिणी गेट; प्लेटफॉर्म टिकट ₹20

रांची स्टेशन पर 10 अक्तूबर से बदलेगी व्यवस्था, खुलेगा दक्षिणी गेट; प्लेटफॉर्म टिकट ₹20

द फॉलोअप डेस्क:

Ranchi Railway Station: त्योहारी सीजन शुरू होते ही ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। दशहरा, दिवाली और छठ के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं। इसे देखते हुए दक्षिण-पूर्व रेलवे के रांची (Ranchi) मंडल ने रांची और हटिया स्टेशनों (Hatia Station) पर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर विशेष व्यवस्था की है। 10 अक्तूबर यानी महालया के दिन से रांची स्टेशन का दक्षिणी प्रवेश द्वार आंशिक रूप से खोला जाएगा। वहीं, यात्रियों की मांग के अनुसार प्लेटफॉर्म संख्या-6 से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

 झारखंड की ताजा खबरों की लिए क्लिक करें

यह भी पढ़ें: पटना में डॉक्टर से अपॉइंटमेंट के नाम पर ठगी, APK फाइल डाउनलोड कराते ही खाते से उड़ाये 1.23 लाख

55 हजार से बढ़कर 75 हजार तक पहुंच सकती है यात्रियों की संख्या

रांची स्टेशन पर सामान्य दिनों में रोजाना करीब 55 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। रेलवे के अनुसार, त्योहारी सीजन में यह संख्या बढ़कर करीब 72,500 हो जाती है। इस बार यात्रियों की संख्या 75 हजार प्रतिदिन तक पहुंचने की संभावना है। भीड़ को देखते हुए कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए जाएंगे। रांची मंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए रेलवे की ओर से जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। प्रेस वार्ता में सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह भी मौजूद थीं।

प्लेटफॉर्म टिकट अब 20 रुपये, 10 अक्तूबर से लागू होगी व्यवस्था

रांची और हटिया स्टेशनों पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत बढ़ाई गई है। अब प्लेटफॉर्म टिकट 10 रुपये की जगह 20 रुपये में मिलेगा। यह व्यवस्था 10 अक्तूबर से 29 नवंबर तक प्रभावी रहेगी। रेलवे का उद्देश्य यह है कि केवल जरूरी काम से आने वाले लोग ही प्लेटफॉर्म परिसर में प्रवेश करें, जिससे यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिले। त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली यात्री संख्या को देखते हुए दक्षिण दिशा में जाने वाली स्पेशल ट्रेनों के परिचालन में भी बदलाव किए जा सकते हैं। रेलवे ने वलसिरिंग, गोविंदपुर रोड और वानो स्टेशन पर वैकल्पिक ठहराव की व्यवस्था की है। इससे मुख्य स्टेशनों पर यात्रियों का दबाव कम करने और ट्रेनों के परिचालन को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।

सीसीटीवी से निगरानी, अतिरिक्त टिकट काउंटर भी खुलेंगे

त्योहार के दौरान रांची और हटिया स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। स्टेशन परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाएगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त टिकट काउंटर और यूटीएस काउंटर भी संचालित किए जाएंगे। अधिक भीड़ वाले दिनों में यात्रियों को नियंत्रित तरीके से स्टेशन परिसर में प्रवेश कराने के लिए होल्डिंग एरिया का इस्तेमाल किया जाएगा। रांची स्टेशन पर होल्डिंग एरिया पार्सल कार्यालय के पास बनाया जाएगा। यहां यात्रियों के बैठने के साथ पेयजल, पंखे और ट्रेनों से जुड़ी जरूरी सूचनाओं की व्यवस्था रहेगी। भीड़ और यात्रियों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए स्टेशन पर वार रूम भी बनाया जाएगा। रेलवे की इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को व्यवस्थित करना और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।

यह भी पढ़ें: Rohini Acharya Patna Return : 'पापा ने बुलाया तो आ गई', 11 महीने बाद पटना लौटीं रोहिणी आचार्य, लालू-राबड़ी ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत
 

Tags - Jharkhand News Jharkhand Latest News Jharkhand News Updates Ranchi railway station Ranchi station festive season