logo

रांची की एक शराब फैक्ट्री में देर रात छापा, पूर्व MLC समेत तीन जेल भेजे गए

ेोीो2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के ओरमांझी स्थित तरंगनी ब्लेंडर्स प्राइवेट लिमिटेड में मंगलवार देर रात उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी छापेमारी कर अवैध शराब कारोबार का पर्दाफाश किया। करीब आठ घंटे तक चली कार्रवाई में बिहार के पूर्व एमएलसी सुभोध राय, उनके चालक देवेंद्र भगत और कर्मचारी रवीकांत राय को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को बुधवार देर रात बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में तैयार शराब पर दूसरे राज्यों के नामी ब्रांडों के फर्जी लेबल चिपकाकर उसे कम कीमत पर बाजार में उतारने की तैयारी थी। छापेमारी के दौरान 8 पीएम, आफ्टर डार्क और अन्य ब्रांडों की बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई, जिन पर For Sale in Uttar Pradesh और For Sale in Delhi जैसे लेबल लगे थे। पुलिस ने फैक्ट्री से किंगफिशर स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बीयर की 70 पेटी, आफ्टर डार्क ब्लू की 218 पेटी, 8 पीएम की 7 पेटी और रॉयलसन गोल्ड व्हिस्की की 78 पेटी जब्त की है।


लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन और टैक्स चोरी की आशंका
जांच एजेंसियों के अनुसार फैक्ट्री में लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करते हुए विदेशी शराब का गलत स्टॉक रखा गया था। साथ ही फर्जी ब्रांडों के जरिए बिहार समेत अन्य राज्यों में अवैध आपूर्ति किए जाने और राज्य सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचाने की भी आशंका जताई गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और कई अन्य खुलासे होने की संभावना है।


उत्पाद विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी उठे सवाल
इस कार्रवाई के बाद उत्पाद विभाग की निगरानी व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। नियमों के अनुसार प्रत्येक शराब फैक्ट्री में विभाग का बॉन्ड अधिकारी तैनात रहता है, जो उत्पादन और स्टॉक की निगरानी करता है। इसके बावजूद फैक्ट्री में कथित रूप से फर्जी लेबल लगाकर शराब तैयार किए जाने और उसे बाहर भेजने की तैयारी होने से निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि इसी फैक्ट्री पर दो वर्ष पहले भी उत्पाद विभाग ने कार्रवाई कर उसे सील किया था।

 

Tags - Ranchi Illegal Liquor Excise Department Jharkhand Crime