logo

रांची के ऑर्किड अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामा, मौत के बाद भी बिलिंग जारी रहने का आरोप

रांची के ऑर्किड अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामा, मौत के बाद भी बिलिंग जारी रहने का आरोप

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के लालपुर स्थित ऑर्किड अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद शनिवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल के इलाज और बिलिंग सिस्टम पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि मरीज की मौत रात करीब 2 बजे हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद सुबह 5:30 बजे तक फार्मेसी का बिल बनाया जाता रहा। परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि करीब दो घंटे के दौरान मरीज को 200 इंजेक्शन कैसे दिए गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद सिविल सर्जन ने तीन डॉक्टरों की टीम को अस्पताल भेजकर जांच कराई। टीम ने मौके पर जानकारी जुटाने के बाद अपनी रिपोर्ट सिविल सर्जन को सौंप दी है।


पुलिस पर FIR दर्ज नहीं करने का आरोप
मृतक के परिजनों के अनुसार, उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से भी की थी। परिजनों का आरोप है कि थाना प्रभारी ने FIR दर्ज नहीं की और उन्हें शव ले जाने के लिए कहा गया। उनका कहना है कि पुलिस की ओर से मामले की प्रक्रिया में करीब एक महीने का समय लगने की बात कही गई। इसके बाद परिजन विधायक इरफान अंसारी के आवास पहुंचे और उन्हें पूरे मामले की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की। परिजनों का यह भी कहना है कि वे लंबे समय से अस्पताल में मौजूद हैं। इसी दौरान परिवार की एक महिला सदस्य की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई।


जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल सिविल सर्जन की जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का इंतजार है। मरीज की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इलाज के दौरान कौन-कौन सी दवाएं और इंजेक्शन दिए गए और मौत के बाद भी बिलिंग क्यों होती रही, इन सभी बिंदुओं की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर होगी।

Tags - Ranchi News Orchid Hospital Patient Death Medical Negligence Jharkhand News