logo

रांची नगर निगम में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा, रोशनी खलखो बोलीं- ऊर्जा संरक्षण हमारी जिम्मेदारी

रांची नगर निगम में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा, रोशनी खलखो बोलीं- ऊर्जा संरक्षण हमारी जिम्मेदारी

द फॉलोअप डेस्क:

Jharkhand News: रांची नगर निगम (Ranchi Municipal Corporation) को अधिक पर्यावरण-अनुकूल एवं ऊर्जा दक्ष बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए निगम कार्यालय में जरेडा (JREDA) के माध्यम से 50 KVA का हाइब्रिड सोलर पैनल सिस्टम (Hybrid Solar Panel System) (बैटरी सहित) स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से रांची नगर निगम कार्यालय के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर और सेकंड फ्लोर का संपूर्ण विद्युत भार तथा अन्य सभी फ्लोर में आवश्यकता के अनुसार विद्युत भार का वितरण किया गया है। आज, 2 अक्टूबर 2026 को माननीया महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने उक्त हाइब्रिड सोलर पैनल सिस्टम का उद्घाटन किया।

50 KW सोलर सिस्टम से मिलेगी ऊर्जा

सौर ऊर्जा स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा का एक महत्वपूर्ण स्रोत है। इसके उपयोग से पारंपरिक विद्युत स्रोतों पर निर्भरता कम करने के साथ-साथ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। नगर निगम कार्यालय में स्थापित 50 किलोवाट क्षमता का यह सोलर सिस्टम कार्यालय की विद्युत आवश्यकता को सौर ऊर्जा के माध्यम से पूरा करने में सहयोग करेगा। इससे बिजली की खपत एवं विद्युत व्यय में कमी लाने में मदद मिलेगी। साथ ही, स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग से कार्बन उत्सर्जन कम करने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार शहरी व्यवस्था को बढ़ावा देने में भी यह पहल सहायक होगी।

अब बढ़ेंगी ग्रीन प्रैक्टिसेज

इस अवसर पर माननीया महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज की आवश्यकता ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। रांची नगर निगम द्वारा सौर ऊर्जा को अपनाना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा की बचत और संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में एक सार्थक कदम है। नगर निगम का प्रयास है कि निगम की कार्यप्रणाली में अधिक से अधिक ग्रीन एवं सस्टेनेबल प्रैक्टिसेज को शामिल किया जाए। इस अवसर पर माननीय उप महापौर श्री नीरज कुमार, नगर आयुक्त श्री सुशांत गौरव, अपर नगर आयुक्त श्री संजय कुमार, उप नगर आयुक्त श्री रविंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक तथा निगम के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें: स्वच्छ भारत दिवस पर रांची नगर निगम ने सफाईमित्रों को किया सम्मानित

Tags - Jharkhand News Jharkhand Latest News Ranchi Municipal Corporation Ranchi Municipal Corporation solar system Ranchi Nagar Nigam solar panel