logo

स्वच्छ भारत दिवस पर रांची नगर निगम ने सफाईमित्रों को किया सम्मानित

स्वच्छ भारत दिवस पर रांची नगर निगम ने सफाईमित्रों को किया सम्मानित

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

Jharkhand News: स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत 02 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर रांची नगर निगम (Ranchi Municipal Corporation) कार्यालय में स्वच्छता एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया। इस अवसर पर महापौर रोशनी खलखो (Mayor Roshni Khalkho) ने निगम के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। साथ ही, निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता (Cleanliness) के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं समर्पित कार्य करने वाले 10 सफाईमित्रों को महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार (Deputy Mayor Neeraj Kumar) एवं नगर आयुक्त सुशांत गौरव (Municipal Commissioner Sushant Gaurav) द्वारा शॉल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

स्वच्छ शहर केवल नगर निगम के प्रयासों से नहीं

इस अवसर पर महापौर ने कहा कि आज का दिन स्वच्छता के प्रति अपने दायित्व को दोहराने और उसे व्यवहार में उतारने का दिन है। स्वच्छ शहर केवल नगर निगम के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से बनता है। उन्होंने नागरिकों से अपने घर, आसपास और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ कचरे का उचित निस्तारण करने एवं स्वच्छता अभियानों (Cleanliness campaign) में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उप महापौर नीरज कुमार ने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष दिन तक सीमित न रखते हुए इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।

प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर से योगदान दे

उन्होंने कहा कि नागरिक अपने व्यवहार में छोटे-छोटे बदलाव लाकर शहर की स्वच्छता व्यवस्था (Sanitation system) को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी, नागरिक सहभागिता एवं स्वच्छ रांची के निर्माण का संकल्प दोहराया गया। निगम की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि स्वच्छता को सरकारी अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर से योगदान दे। मौके पर अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार सहित रांची नगर निगम के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Tags - Ranchi Municipal Corporation Cleanliness Drive Mayor Roshni Khalkho Clean Ranchi Ranchi News Ranchi Latest Update