logo

रांची में अब दुकानों पर नहीं कटेगी खस्सी, स्लॉटर हाउस से पैक होकर पहुंचेगा मीट

रांची में अब दुकानों पर नहीं कटेगी खस्सी, स्लॉटर हाउस से पैक होकर पहुंचेगा मीट

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

रांची में अब मीट दुकानदार अपनी दुकानों पर खस्सी काटकर मीट नहीं बेच सकेंगे। रांची नगर निगम शहर में मीट कारोबार को व्यवस्थित करने के लिए नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत सभी मीट दुकानदारों को नगर निगम के स्लॉटर हाउस में कटे पशुओं का मीट ही बेचना होगा। इसके लिए लंबे समय से बंद पड़े स्लॉटर हाउस को दोबारा शुरू किया जा रहा है। पांच दिसंबर को स्लॉटर हाउस का ट्रायल रन होगा। यदि ट्रायल सफल रहता है, तो नई व्यवस्था पूरे शहर में लागू कर दी जायेगी। नई व्यवस्था के तहत खस्सी और बकरों की कटाई निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्लॉटर हाउस में ही की जायेगी। इसके बाद मीट की पैकेजिंग की जायेगी और कूलिंग वैन के माध्यम से शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित मीट दुकानों तक पहुंचाया जायेगा। दुकानदारों को इसी पैक मीट की बिक्री करनी होगी। नगर निगम की इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ और हाइजेनिक मीट उपलब्ध कराना है। साथ ही दुकानों के सामने, सड़कों और खुले स्थानों पर पशुओं की कटाई से फैलने वाली गंदगी पर भी रोक लगाना है। इससे मीट कारोबार को एक निर्धारित और व्यवस्थित प्रक्रिया के तहत संचालित करने में मदद मिलेगी।


आम लोग भी निर्धारित शुल्क देकर स्लॉटर हाउस में कटवा सकेंगे खस्सी
नई व्यवस्था का लाभ केवल मीट दुकानदारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम लोग भी इसका फायदा उठा सकेंगे। यदि किसी व्यक्ति को अपने घर या किसी विशेष आयोजन के लिए खस्सी अथवा बकरा कटवाना है, तो वह निर्धारित शुल्क देकर नगर निगम के स्लॉटर हाउस में कटाई करा सकेगा। इसके लिए निगम की ओर से तय प्रक्रिया का पालन करना होगा। फिलहाल शहर के कई इलाकों में मीट दुकानों के सामने या खुले स्थानों पर खस्सी काटकर मीट बेचा जाता है। इससे आसपास गंदगी फैलने के साथ स्वच्छता संबंधी समस्याएं भी पैदा होती हैं। स्लॉटर हाउस के दोबारा शुरू होने से पशुओं की कटाई और मीट बिक्री के लिए एक निर्धारित व्यवस्था तैयार होगी।


पांच एकड़ के परिसर में चल रहा साफ-सफाई और मरम्मत का काम
पांच दिसंबर को होने वाले ट्रायल रन को लेकर स्लॉटर हाउस परिसर में तैयारियां तेज कर दी गयी हैं। करीब पांच एकड़ में फैले परिसर से झाड़ियों को हटाया जा रहा है। पेड़ों की छंटाई के साथ दीवारों और भवनों का रंग-रोगन भी कराया जा रहा है। नगर आयुक्त खुद पूरी व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि ट्रायल रन से पहले जरूरी तैयारियां पूरी की जा सकें। वहीं, स्लॉटर हाउस का संचालन करने वाली कंपनी अर्श एंड एलहम उत्तर प्रदेश से अपने विशेषज्ञों को बुला रही है। ट्रायल रन के दौरान विशेषज्ञों की मौजूदगी में संचालन की व्यवस्था को परखा जायेगा। इसके बाद ही शहर में नई व्यवस्था लागू करने को लेकर आगे का निर्णय लिया जायेगा।

Tags - Ranchi NewsMunicipal CorporationSlaughter HouseMeat BusinessJharkhand News