द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के कांटाटोली चौक पर रविवार को चर्चित कमल भूषण हत्याकांड के सरकारी गवाह मुउनव्वर अफाक पर जानलेवा हमले के प्रयास का मामला सामने आया है। मुउनव्वर अफाक ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार तीन नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग की। लेकिन पिस्टल मिसफायर हो गई। इसके बाद अपराधी नामकुम की ओर भाग निकले. घटना की सूचना मिलते ही कांटाटोली चौक पर तैनात पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को घटनास्थल से अब तक कोई खोखा या अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस ने थाने लाकर पूछताछ की
घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर सरकारी गवाह मुउनव्वर अफाक को तुरंत लोअर बाजार थाना लाया गया। पुलिस अधिकारी उनसे पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ले रहे हैं। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में अब तक हमले के दावे की पुष्टि करने वाला कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सके।

नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश
लोअर बाजार थाना प्रभारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मुउनव्वर अफाक को थाने लाकर सुरक्षित रखा गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, पेट्रोलिंग टीम में तैनात पुलिस अधिकारियों ने इलाके में नाकेबंदी कर संभावित अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी भी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तव में फायरिंग या हमले का प्रयास हुआ था या नहीं।