द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के अशोक नगर रोड नंबर-1 निवासी शारीफ इब्राहिम ने DIG आलोक प्रियदर्शी पर गंभीर आरोप लगाते हुए अरगोड़ा थाने में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में उन्होंने कहा है कि 28 सितंबर की शाम करीब 6 बजे उनके घर तक जाने वाली सार्वजनिक सड़क पर DIG की सरकारी गाड़ी और एक अन्य वाहन खड़ा कर रास्ता जाम कर दिया गया। शारीफ इब्राहिम का आरोप है कि इससे उनके परिवार के घर से बाहर निकलने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया और उनका पूरा परिवार घर के अंदर ही फंस गया। उन्होंने आवेदन में कहा है कि जब उन्होंने सड़क पर इस तरह वाहन खड़ा करने और रास्ता बंद किए जाने का विरोध किया, तो DIG आलोक प्रियदर्शी अपने अंगरक्षकों के साथ वहां पहुंचे।

AK-47 से गोली मारने की धमकी देने का दावा
शारीफ इब्राहिम ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि विरोध करने के दौरान उन्हें AK-47 राइफल से गोली मारने की धमकी दी गई। आवेदन के मुताबिक, वहां मौजूद लोगों से कहा गया कि अगर कोई गाड़ी में सटा तो सीधे गोली मार दी जाए। शरीफ इब्राहिम का यह भी आरोप है कि उन्हें धमकाते हुए कहा गया कि वे IPS अधिकारी हैं और उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराकर उन्हें और उनके परिवार को परेशान किया जा सकता है। उन्होंने आवेदन में दावा किया है कि इस घटना के बाद उनका पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने यह भी बताया है कि इससे पहले भी उनके घर तक जाने वाले रास्ते को कब्जा करने की कोशिश की गई थी और गाड़ियों को सड़क पर खड़ा कर रास्ता बाधित किया जाता रहा है।

कार्रवाई के लिए अरगोड़ा थाने में दिया आवेदन
शरीफ इब्राहिम ने अरगोड़ा थाना प्रभारी को दिए आवेदन में DIG आलोक प्रियदर्शी और उनके सुरक्षाकर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने आवेदन में कहा है कि सड़क बाधित किए जाने और कथित धमकी के कारण उनके परिवार के छह सदस्यों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।