logo

अपराधियों से भिड़े SI मुकेश कुमार, कंधे की हड्डी टूटी

अपराधियों से भिड़े SI मुकेश कुमार, कंधे की हड्डी टूटी

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के हरमू फल मंडी के पास रविवार तड़के करीब 4:30 बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने चाकू दिखाकर दो ट्रक चालकों से लूटपाट की। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग निवासी ट्रक चालक तुफील अहमद खान श्रीनगर से फल लेकर हरमू फल मंडी पहुंचे थे और ट्रक खड़ा कर आराम कर रहे थे। इसी दौरान दोनों युवक वहां पहुंचे और चाकू का भय दिखाकर सामान देने को कहा। विरोध करने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की और स्मार्टफोन लूट लिया। इसके बाद दोनों ने पास में खड़े दूसरे ट्रक चालक अमरीक सिंह को भी निशाना बनाया और चाकू दिखाकर उससे 600 रुपये नकद लूट लिए। घटना के बाद दोनों आरोपी बाइक से बिजली कार्यालय मुख्य मार्ग की ओर भागने लगे। तुफील अहमद खान ने उनकी बाइक का नंबर देख लिया था।

पुलिस ने पीछा किया तो दारोगा को मारी टक्कर

लूट की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाइक नंबर के आधार पर दोनों आरोपितों का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस टीम लगातार उनका पीछा कर रही थी, जबकि दोनों आरोपित रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार ने अपराधियों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बाइक सवार आरोपितों ने पुलिसकर्मी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मुकेश कुमार सड़क पर गिर गए और घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपराधियों का पीछा करना जारी रखा। पुलिस टीम भी लगातार उनके पीछे लगी रही।

बाइक गिरी तो दोनों अपराधी दबोचे गए

पुलिस से बचकर भागने के दौरान कुछ दूर आगे जाकर दोनों आरोपितों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बाइक गिरने के साथ दोनों अपराधी भी सड़क पर जा गिरे, जिसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने उनकी बाइक भी जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमन कुमार और अमन तिवारी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। वहीं, पीछा करने के दौरान घायल हुए पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार की बहादुरी की भी चर्चा हो रही है।

Tags - Ranchi News Crime News Loot Case Argoa Police Jharkhand News