द फॉलोअप डेस्क
रांची में मंगलवार को हजारों फुटपाथ दुकानदार हाथों में काला झंडा लेकर रांची नगर निगम का घेराव करने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध किया। उनका कहना था कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें हटाया जा रहा है, जिससे हजारों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

हाईकोर्ट के निर्देशों का हवाला देकर कार्रवाई पर उठाए सवाल
प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों का आरोप है कि नगर निगम की कार्रवाई हाईकोर्ट के निर्देशों की भावना के अनुरूप नहीं है। उनका कहना है कि पहले फुटपाथ दुकानदारों के पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए, उसके बाद ही हटाने की कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम की कार्रवाई को तानाशाही बताते हुए इसे तत्काल रोकने की मांग की और कहा कि वैकल्पिक स्थान मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

नगर निगम कार्यालय के बाहर तैनात रही भारी पुलिस फोर्स
दुकानदारों के प्रदर्शन को देखते हुए नगर निगम कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उन्हें वैकल्पिक स्थान उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे और नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे।