रांची:
रांची में आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए राजधानीवासियों को बेहतर और सुरक्षित प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। रांची नगर निगम के अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने बुधवार को स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में कोई भी स्ट्रीट लाइट लंबे समय तक बंद नहीं रहनी चाहिए। खराब स्ट्रीट लाइट से जुड़ी शिकायतों का 48 घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित करना होगा।
.jpeg)
टोल फ्री नंबर पर दर्ज करा सकते हैं शिकायत
नगर निगम ने स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं के लिए टोल फ्री नंबर 1800 570 1235 जारी किया है। यदि आपके मोहल्ले, गली या मुख्य सड़क की स्ट्रीट लाइट खराब है या किसी पोल पर नई लाइट लगाने की जरूरत है, तो इस नंबर पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत मिलते ही संबंधित वार्ड की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचेगी और समस्या का समाधान करेगी।

53 वार्डों में 28 टीमें करेंगी निगरानी
राजधानी के 53 वार्डों में स्ट्रीट लाइट की निगरानी और मरम्मत के लिए 28 टीमें लगातार फील्ड में तैनात रहेंगी। निगम के कनेक्ट सेंटर में हर महीने स्ट्रीट लाइट से संबंधित 1,000 से अधिक शिकायतें दर्ज होती हैं। इन शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए 48 घंटे की समय-सीमा निर्धारित की गई है। जिन इलाकों में पर्याप्त रोशनी नहीं है, वहां सर्वे कर जरूरत के अनुसार नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। वहीं, बार-बार फ्यूज होने वाली स्ट्रीट लाइटों की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए उसके मूल कारणों की पहचान की जाएगी। निगम की ओर से मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
.jpeg)
फील्ड टीमों को रोज देनी होगी रिपोर्ट
सभी फील्ड टीमों को प्रतिदिन किए गए कार्यों की रिपोर्ट निगम मुख्यालय में जमा करनी होगी। इसके जरिए स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, नई लाइट लगाने और शिकायतों के निपटारे की नियमित समीक्षा की जाएगी। निगम का उद्देश्य पर्व-त्योहारों के दौरान राजधानी के प्रमुख मार्गों, मोहल्लों और गलियों में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करना है।