द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के चान्हो थाना क्षेत्र के चोड़ा गांव में सोमवार को तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चा सड़क किनारे था, तभी बीजूपाड़ा की तरफ से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया।

मुआवजे और बाइक चालक की गिरफ्तारी की मांग
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने खलारी-बीजूपाड़ा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क जाम कर रहे लोगों ने प्रशासन से मृतक बच्चे के परिवार को उचित मुआवजा देने और फरार बाइक चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच और फरार चालक की तलाश में जुटी है।