द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची जिले के बुंडू अनुमंडल अस्पताल में गुरुवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। अस्पताल के महिला शौचालय के कमोड में नवजात शिशु का शव मिलने से परिसर में हड़कंप मच गया। शौचालय की सफाई और नियमित कामकाज के दौरान एक महिला कर्मचारी की नजर शव पर पड़ी। उसने तत्काल इसकी जानकारी अस्पताल के अन्य कर्मचारियों को दी। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन को मामले से अवगत कराया गया। प्रबंधन की सूचना पर बुंडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शौचालय से दुर्गंध आने की बात भी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को अस्पताल की एक महिला कर्मचारी किसी काम से महिला शौचालय गई थी। इसी दौरान उसने कमोड में नवजात का शव पड़ा देखा। यह देखकर वह घबरा गई और तुरंत अस्पताल के दूसरे कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में यह खबर फैल गई। कर्मचारियों ने अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और कमोड से नवजात का शव निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि नवजात को अस्पताल के महिला शौचालय में कौन छोड़कर गया और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई।

एक से दो दिन पुराना बताया जा रहा शव
बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो ने बताया कि अस्पताल के महिला शौचालय के कमोड में नवजात का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान पता चला कि नवजात लड़का था। शुरुआती तौर पर शव करीब एक से दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को शव पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नवजात की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

CCTV फुटेज से नवजात को लाने वाले की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवजात को अस्पताल परिसर में कौन लेकर आया था और उसे महिला शौचालय में कब छोड़ा गया। फिलहाल घटना से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो सकी हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।