logo

रांची में BLO का बैग हुआ गायब, 350 खाली और 50 भरे एन्यूमरेशन फॉर्म लापता; DC ने जारी की अपील

manju1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-65 के बीएलओ का एन्यूमरेशन फॉर्म से भरा बैग शुक्रवार शाम पिस्का मोड़ से आईटीआई बस स्टैंड के बीच कहीं गिरकर गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी बैग नहीं मिलने पर जिला प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील की है। यह जानकारी रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की गई है।

 

 


बैग में थे 400 एन्यूमरेशन फॉर्म
प्रशासन के अनुसार, बैग शनिवार शाम करीब 5:30 बजे से 6:00 बजे के बीच बिजली ऑफिस नर्सरी के आसपास लगभग 200 मीटर के दायरे में कहीं गिर गया। बैग में 350 बिना भरे हुए और 50 भरे हुए एन्यूमरेशन फॉर्म रखे हुए थे। काफी तलाश के बावजूद बैग अब तक बरामद नहीं हो सका है। यदि किसी व्यक्ति को यह बैग मिले तो तत्काल अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) रांची या संबंधित एईआरओ को इसकी सूचना देने की अपील की गई है।


मतदाताओं से नहीं घबराने की अपील
डीसी ने स्पष्ट किया है कि रांची विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-65 के मतदाताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। जिन मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म बैग में थे, उनके फॉर्म दोबारा भरे जाएंगे। इसके लिए संबंधित बीएलओ फिर से घर-घर जाकर प्रक्रिया पूरी करेंगे, जिससे किसी भी मतदाता को असुविधा न हो। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को यह बैग मिलता है तो वह तुरंत अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) रांची या एईआरओ जफर हसनात से संपर्क करें। प्रशासन का कहना है कि बैग की बरामदगी चुनाव संबंधी प्रक्रिया को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण है और इसमें आम लोगों का सहयोग अपेक्षित है।

Tags - Ranchi Election BLO Enumeration Form Jharkhand