द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची कांके स्थित बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के आरएसी कैंपस में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने विश्वविद्यालय के कर्मचारी दीपू उपाध्याय के बंद आवास को निशाना बनाते हुए करीब 320 ग्राम सोने और 450 ग्राम चांदी के आभूषणों के साथ लाइसेंसी .315 बोर की राइफल चोरी कर ली। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। मामले को लेकर पीड़ित ने कांके थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। चोरी की जानकारी उस समय मिली, जब दीपू उपाध्याय 19 नवंबर की सुबह अपने घर लौटे। दीपू उपाध्याय के अनुसार, वह 13 नवंबर को छठ पूजा मनाने अपने पैतृक गांव कल्याणपुर, भोजपुर (बिहार) गये थे। घर से निकलने से पहले उन्होंने पड़ोसी मोहम्मद मोइज उर्फ सोनू से आवास की निगरानी करने का आग्रह किया था। 19 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे जब वह वापस लौटे, तो घर के मुख्य लोहे के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली। अंदर जाने पर दूसरे कमरे और बड़े बक्से का ताला व कुंडी भी उखड़ा हुआ पाया। घर का सामान फर्श और पलंग पर बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने सामान की जांच की, तो बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और लाइसेंसी राइफल गायब मिली।

320 ग्राम सोने और 450 ग्राम चांदी के जेवर गायब
पीड़ित के मुताबिक, चोर करीब 320 ग्राम सोने के आभूषण अपने साथ ले गये हैं। चोरी हुए सामान में सोने का हार, चेन, चूड़ियां, अंगूठियां, झुमके, टीका, नथिया और बच्चे का महावीरी लॉकेट शामिल है। इसके अलावा करीब 450 ग्राम चांदी के आभूषण, पायल और पांच सेट बिछिया भी गायब हैं। चोरों ने बक्से में रखी लाइसेंसी .315 बोर की राइफल भी चोरी कर ली। एक ही वारदात में कीमती जेवरात और लाइसेंसी हथियार चोरी होने से मामला गंभीर हो गया है।

डॉग स्क्वायड और FSL टीम ने जुटाये साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने के बाद कांके थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाये। पुलिस चोरी की वारदात से जुड़े सुराग तलाश रही है। वहीं, पीड़ित का कहना है कि विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा के लिए निजी एजेंसी के गार्ड तैनात किये गये हैं। इसके बावजूद कैंपस के भीतर स्थित आवास का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और लाइसेंसी राइफल चोरी कर ली गई। इस घटना ने विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं।