logo

रांची में पति की खौफनाक करतूत, पत्नी को पुल से धकेला; तैरकर टापू में पहुंची तो सुबह ग्रामीणों ने बचाया

रांची में पति की खौफनाक करतूत, पत्नी को पुल से धकेला; तैरकर टापू में पहुंची तो सुबह ग्रामीणों ने बचाया

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर जान से मारने की नीयत से पुल से नीचे धकेलने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की पहचान लखिमनी कुमारी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम मृत्युंजय महतो बताया गया है। लखिमनी के अनुसार, शनिवार रात उसका पति बहाने से उसे नदी के किनारे ले गया। आरोप है कि इसी दौरान मृत्युंजय ने उसे जान से मारने की नीयत से पुल से नीचे धकेल दिया। पुल से गिरने के बाद लखिमनी तेज पानी के बहाव में बहती हुई नदी के बीच बने एक टापू तक पहुंच गई। रात का अंधेरा होने और चारों तरफ पानी होने के कारण वह वहां से निकल नहीं सकी।

रातभर ठंड और पानी के बीच टापू पर फंसी रही महिला

पानी में गिरने के बाद लखिमनी ने किसी तरह खुद को संभाला और नदी के बीच बने टापू पर पहुंचकर अपनी जान बचाई, लेकिन इसके बाद उसकी मुश्किलें खत्म नहीं हुईं। वह पूरी रात उसी टापू पर फंसी रही और मदद का इंतजार करती रही। रातभर ठंड और पानी के बीच रहने के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। महिला के मुताबिक, अंधेरे में वहां से निकलने का कोई रास्ता नहीं था। ठंड लगने के कारण रविवार सुबह तक उसकी हालत इतनी खराब हो गई कि वह बेहोश हो गई।

सुबह ग्रामीणों ने देखा तो शुरू किया रेस्क्यू

रविवार सुबह ग्रामीणों की नजर नदी के बीच बने टापू पर पड़ी महिला पर गई। ग्रामीणों ने जब करीब जाकर देखा तो लखिमनी बेहोशी की हालत में पड़ी थी। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद महिला को टापू से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। लखिमनी कुमारी ने अपने पति मृत्युंजय महतो के खिलाफ अनगड़ा थाने में लिखित शिकायत दी है। आवेदन में उसने पति पर जान से मारने की नीयत से पुल से नीचे धकेलने का आरोप लगाया है। अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार ने बताया कि महिला की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है और आवेदन के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Tags - Ranchi Crime Angada Jharkhand Police Woman Rescued Crime News