द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के AG मोड़ के पास शुक्रवार को तेज आंधी-बारिश के दौरान संत जेवियर स्कूल की चलती बस पर अचानक एक पेड़ गिर गया। पेड़ गिरते ही बस के अंदर सवार करीब 40 बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसा होते ही आसपास मौजूद राहगीर और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। राहत की बात रही कि पेड़ बस पर गिरने के बावजूद किसी भी बच्चे या बस स्टाफ को चोट नहीं आई। सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं।

स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस और स्कूल प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए बस के ऊपर से पेड़ हटाने में मदद की। सड़क से पेड़ हटाकर यातायात व्यवस्था सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। बता दें कि राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में 22 सितंबर से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शुक्रवार को भी रांची में सुबह से तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है। इसी दौरान AG मोड़ के पास यह पेड़ चलती स्कूल बस पर गिर गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी बच्चे या बस स्टाफ को कोई चोट नहीं आई।