logo

रामगढ़ में रहस्यमयी बीमारी से माँ और 2 बेटों की मौत, गांव में खौफ

रामगढ़ में रहस्यमयी बीमारी से माँ और 2 बेटों की मौत, गांव में खौफ

द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ जिले के भदानीनगर थाना क्षेत्र के पाली-सुद्दी पारगढ़ा गांव में दो नाबालिग बच्चों की रहस्यमयी मौत के बाद अब उनकी मां संगीता देवी की भी मौत हो गई है। महज 24 घंटे के अंतराल में दो बेटों और मां की मौत से पूरे गांव में मातम के साथ खौफ का माहौल है। परिवार में पति शंकर बेदिया और उनके दो बेटे रामकिशुन बेदिया (15 वर्ष) और साहिल बेदिया (9 वर्ष) की मौत के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है।अचानक हुई तीन मौतों ने ग्रामीणों के साथ-साथ प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को भी सकते में डाल दिया है।तीन मौतों की सूचना के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया। टीम में सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, यक्ष्मा अधिकारी डॉ. स्वराज और डॉ. सत्यप्रकाश शामिल थे। निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि तीनों मौतों में मलेरिया या टाइफाइड की संभावना कम दिखाई दे रही है। अधिकारियों के अनुसार इन बीमारियों में आम तौर पर बुखार प्रमुख लक्षण होता है, जबकि तीनों मृतकों में ऐसा कोई स्पष्ट लक्षण नहीं था। तीनों में अलग-अलग तरह के लक्षण बताए गए हैं। महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

75 ग्रामीणों के सैंपल लिए, सभी रिपोर्ट सामान्य
सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार के अनुसार गांव में करीब 75 लोगों के ब्लड सैंपल लेकर मलेरिया और टाइफाइड की जांच कराई गई, लेकिन किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई। सभी रिपोर्ट सामान्य मिली हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग अब उस चिकित्सक और जांच प्रक्रिया की भी पड़ताल करेगा, जिसने भुरकुंडा में मृतकों का इलाज करते हुए मलेरिया-टाइफाइड बताया था। सीएस ने कहा कि यह भी जांच की जाएगी कि जांच किस लैब में हुई थी और इलाज करने वाले चिकित्सक की डिग्री क्या है। जब बुखार का स्पष्ट लक्षण नहीं था तो किन परिस्थितियों में मलेरिया-टाइफाइड बताया गया, इसकी भी जांच होगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सभी की निगाहें
शुक्रवार शाम संगीता देवी के शव का रामगढ़ में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अब स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर है, जिससे मौत के मूल कारण का पता चल सकेगा। गांव में तीन मौतों के बाद कई तरह की चर्चाएं और दावे सामने आ रहे हैं, लेकिन अभी तक बीमारी का कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सामने आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि आखिर एक ही परिवार में इतने कम समय के अंतराल में तीन मौतों की वजह क्या थी।

Tags - Ramgarh News Jharkhand News Bhadaninagar Mysterious Death Three Deaths