रामगढ़:
रामगढ़ की चुटूपालू घाटी में रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर ने रांची से रामगढ़ की ओर जा रही होंडा कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा के परिवार के पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल और हॉप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

हादसे में डीएसपी की मौसी की मौत
मृतका की पहचान मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा की मौसी सारा तबस्सुम (45) के रूप में हुई है। हादसे में उनके मौसा फिरोज राही (48), बहन तरजा सलियां (23), सिफ्ता ताजमीन, अमीरा ताजमीन (10) और अनुजा तबस्सुम घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत-बचाव कार्य कराया और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
.jpeg)
ब्रेक फेल होने के बाद कंटेनर ने कार को मारी टक्कर
बताया गया कि कार में कुल छह लोग सवार थे और सभी रांची से रामगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चुटूपालू घाटी में रांची की ओर से आ रहे कंटेनर (NL 01AB 8418) का ब्रेक फेल हो गया। बेकाबू कंटेनर ने सामने जा रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
.jpeg)
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा के साथ रामगढ़ थाना के सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार, मंजेश कुमार, पंकज कुमार और रोशन बाड़ा घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। इसके बाद एसपी मुकेश कुमार लुनायत, एसडीपीओ आलोक रंजन और गोपनीय शाखा प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी सदर अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल कंटेनर के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर कंटेनर का ब्रेक फेल होना हादसे की वजह बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
.jpeg)
चुटूपालू घाटी में लगातार तीसरे दिन हादसा
चुटूपालू घाटी में लगातार तीसरे दिन सड़क हादसा होने से इस मार्ग की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। रविवार के हादसे से पहले पिछले दो दिनों में भी घाटी में ब्रेक फेल होने के कारण दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन हादसों में एक व्यक्ति की मौत भी हुई थी। लगातार ब्रेक फेल होने की घटनाओं के बाद घाटी से गुजरने वाले भारी वाहनों की तकनीकी जांच और उनके संचालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। चुटूपालू घाटी रांची-पटना मुख्य मार्ग का बेहद महत्वपूर्ण और व्यस्त हिस्सा है। घाटी में ढलान होने के कारण भारी वाहनों के ब्रेक पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। ऐसे में लगातार हो रही दुर्घटनाएं वाहन चालकों के साथ-साथ प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती बन रही हैं।