रामगढ़
रामगढ़ जिले के बरकाकाना हेहल मां छिन्नमस्तिका इस्पात प्लांट के कंट्रोल रूम में देर रात भीषण आग लग गई। इस आगजनी की घटना में 2 से 3 लोगों की मौत होने की सूचना मिली है। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों और राहत-बचाव दल को जानकारी दी गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। सूचना पर बरकाकाना पुलिस घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच की जा रही है।
घटना की पूरी जानकारी
घटना शुक्रवार देर रात पतरातू प्रखंड के बरकाकाना ओपी क्षेत्र स्थित हेहल गांव में मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड नामक स्पंज-आयरन फैक्ट्री में जोरदार धमाके के बाद आग लग गई। फैक्ट्री के पावर प्लांट में हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय रात्रि पाली में कई मजदूर और कर्मचारी काम कर रहे थे।.jpeg)
हादसे में तीन इंजीनियरों की मौत, एक मजदूर गंभीर रूप से घायल
हादसे में बुरी तरह झुलसे तीन इंजीनियरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल है। घायल मजदूर की पहचान हजारीबाग निवासी तरुण रजवार के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए रांची रोड स्थित द हॉप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में रांची निवासी और फैक्ट्री के शिफ्ट इंचार्ज 50 वर्षीय संजीव कुमार केसरी, बोकारो के जरीडीह निवासी 25 वर्षीय विनीत महतो और गढ़वा निवासी 24 वर्षीय अभिषेक पांडेय शामिल हैं।.jpeg)
ब्लास्ट के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री के पावर प्लांट साइट पर उत्पादन कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार ब्लास्ट हुआ और देखते ही देखते आग लग गई। धमाके की आवाज सुनकर रात्रि पाली में काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए मजदूर इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।