logo

रामगढ़ में भट्ठी ब्लास्ट हादसे में मजदूर की मौत, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने प्लांट कराया बंद

गूू.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ के कुजू मुरपा स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में 9 अगस्त को हुए भट्ठी (फर्नेस) ब्लास्ट हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर रमेश ठाकुर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पश्चिम न्यू कॉलोनी, कुजू कोलियरी निवासी रमेश ठाकुर ने बुधवार (12 अगस्त) की रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

मुआवजे की मांग पर आंदोलन
रमेश ठाकुर की मौत के विरोध में मुरपा के ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट का काम ठप करा दिया। ग्रामीण और परिजन फैक्ट्री के मुख्य द्वार के पास धरने पर बैठ गए हैं और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक परिवार को उचित मुआवजा नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

9 अगस्त को हुआ था फर्नेस ब्लास्ट 
बता दें कि 9 अगस्त 2026 को श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में भट्ठी ब्लास्ट की दुर्घटना हुई थी। इस हादसे में रमेश ठाकुर गंभीर रूप से घायल हुए थे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक इलाज चलने के बाद बुधवार रात उनकी मौत हो गई। फिलहाल मृतक का शव रांची में है। ग्रामीणों के अनुसार, शव रामगढ़ पहुंचने के बाद आंदोलन और उग्र हो सकता है। ग्रामीण और परिजन मुआवजे की मांग को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन पर दबाव बना रहे हैं।

 

Tags - Ramgarh News Kuju News Furnace Blast Worker Death Jharkhand News