logo

जमशेदपुर में 28 को निकलेगा रामनवमी का जुलूस, शहर के सभी अखाड़ों ने लिया मिलकर निर्णय

2ि.jpg

द फॉलोअप डेस्क

जमशेदपुर शहर में रामनवमी पर्व को पारंपरिक, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर माइकल जॉन ऑडिटोरियम सभागार में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जमशेदपुर केंद्रीय रामनवमी समिति और विश्व हिंदू परिषद की ओर से किया गया। इसकी शुरुआत वंदे मातरम् और प्रभु श्रीराम भक्ति गीत के साथ हुई। बैठक में शहर की विभिन्न अखाड़ा समितियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 27 मार्च को रामनवमी पूजा और 28 मार्च को पारंपरिक अखाड़ा जुलूस निकाला जायेगा। जमशेदपुर केंद्रीय रामनवमी समिति के संरक्षक अभय सिंह और अध्यक्ष अरुण सिंह ने सभी अखाड़ा समितियों का आह्वान करते हुए कहा कि यदि किसी भी समिति को आयोजन से संबंधित कोई समस्या आती है, तो उसे जिला प्रशासन के साथ साझा कर समाधान कराने का प्रयास समिति की ओर से किया जायेगा।

संवाद कार्यक्रम में विभिन्न अखाड़ा समितियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। कई समितियों ने सुझाव दिया कि दशमी के दिन निकलने वाली शोभायात्रा के दौरान मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाए, ताकि किसी प्रकार की टकराव की स्थिति न बने। वहीं संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की मांग भी की गई। पारडीह के श्रमिक बजरंग अखाड़ा ने अखाड़ा स्थल से अतिक्रमण नहीं हटने पर अखाड़ा नहीं निकालने की चेतावनी दी। वहीं भुइयांडीह के उदय सिंह अखाड़ा समिति ने सुझाव दिया कि स्थानीय थाना केवल संबंधित अखाड़ा समिति के साथ ही बैठक आयोजित करे। इसके अलावा दशमी से पहले नदी में डैम का पानी छोड़े जाने की मांग भी उठाई गई, ताकि नदी की सफाई हो सके और विसर्जन मार्ग पर किसी तरह की बाधा न रहे।

कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि 19 मार्च से हिंदू नववर्ष के साथ शुरू होकर रामनवमी और हनुमान जयंती तक रामोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने सभी से प्रभु श्रीराम के जीवन आदर्शों को समाज में अपनाने और सनातन धर्म की रक्षा के लिए उनके मार्ग पर चलने का आह्वान किया। बैठक में कदमा, सोनारी, साकची, मानगो, जुगसलाई, बिष्टुपुर, गोलमुरी, बागबेड़ा और परसुडीह समेत शहर के विभिन्न बड़े अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा विश्व हिंदू परिषद, हिंदूपीठ के पदाधिकारी और नगर के कई कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में जमशेदपुर केंद्रीय रामनवमी समिति के कोषाध्यक्ष दिलजय बोस का विशेष सहयोग रहा।

Tags - Jamshedpur Ram Navami procession 2026 Ram Navami juloos Jamshedpur 28 March Jamshedpur Central Ram Navami Committee meeting Michael John Auditorium Jamshedpur event Vishwa Hindu Parishad Jamshedpur program Ram Navami Akhara procession Jamshedpur Jha