सिमडेगा
झारखंड राज्य के निर्माता और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में आयोजित अटल स्मृति समारोह श्रद्धा और विचार-चिंतन के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और गोष्ठी को संबोधित करते हुए अटल जी के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अविस्मरणीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
डॉ. प्रदीप वर्मा ने अपने व्याख्यान में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की आत्मा थे। उन्होंने राजनीति में शुचिता, संवाद और सहमति की परंपरा को मजबूत किया। अटल जी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक सुधार, आधारभूत संरचना विकास और विदेश नीति में नई दिशा प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी कविताओं में राष्ट्रप्रेम, मानवीय संवेदना और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्पष्ट झलक मिलती है। पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और ग्राम सड़क योजना जैसे फैसले आज भी देश की प्रगति की मजबूत नींव बने हुए हैं। डॉ. वर्मा ने कहा कि अटल जी का सपना सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का था, जिसे वर्तमान पीढ़ी को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अटल विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र सेवा में समर्पित होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रणव कुमार, दीप नारायण दास, मुकेश श्रीवास्तव, संजय ठाकुर, ओम प्रकाश साहू, सुषमा देवी, श्रद्धानन्द बेसरा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर अपने विचार साझा किए। इससे पूर्व पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष लक्ष्मण बड़ाईक ने की, जबकि मंच संचालन महामंत्री दीपक पुरी ने किया। सम्मेलन में लक्ष्मण बड़ाईक, प्रणव कुमार, ओम प्रकाश साहू, संजय ठाकुर और मुकेश श्रीवास्तव ने भी अटल जी की स्मृतियां साझा कीं।
समारोह में संयोजक मुकेश श्रीवास्तव, सहसंयोजक तुलसी साहु सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें माग्रेट बा, रवि गुप्ता, नरेंद्र बड़ाईक, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष संभु भगत, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अनिरुद्ध सिंह, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष हीरा राम, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुषमा देवी सहित अनेक नाम शामिल रहे।
.jpeg)