जमशेदपुर:
Jharkhand News: जमशेदपुर (Jamshedpur) के डिमना स्थित 396 करोड़ रुपये की लागत से बने नये एमजीएम अस्पताल (MGM Hospital Morgue) की मोर्चरी में शवों की सुरक्षा और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं। यहां रखे एक 18 वर्षीय युवक के शव को चूहों द्वारा कुतरने का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह शव लेने पहुंचे परिजनों ने उसकी दोनों आंखें गायब होने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

राजू प्रमाणिक का शव कुतर गए चूहे
मृतक की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलाइडीह बस्ती निवासी राजू प्रमाणिक के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार को घर में फांसी लगाने के बाद उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया था। गंभीर स्थिति को देखते हुए वहां से एमजीएम रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रात होने के कारण शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया था। गुरुवार सुबह जब परिजन शव लेने पहुंचे तो उसकी आंखों की स्थिति देखकर विरोध शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि शव की दोनों आंखें गायब थी और चेहरे के कई हिस्सों को चूहों ने कुतर दिया था।
घटना पर अस्पताल का तर्क क्या है!
हंगामे की सूचना पर अस्पताल अधीक्षक मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से कहा गया कि मौत के बाद शरीर में होने वाले बदलावों के कारण भी ऐसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। हालांकि, शव के साथ वास्तव में क्या हुआ, यह पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल घटना ने नये एमजीएम अस्पताल की मोर्चरी में शवों की सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है।

MGM अस्पताल में ऐसी पहली घटना नहीं!
जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में मोर्चरी में रखे शव को चूहों द्वारा कुतरने की यह कोई पहली घटना नहीं है। अस्पताल की व्यवस्था पर ऐसे सवाल पिछले कई वर्षों से उठते रहे हैं, लेकिन घटनाओं की पुनरावृत्ति बताती है कि चूहों के आतंक और शवों की सुरक्षा का स्थायी समाधान अब तक प्रबंधन की ओर से नहीं निकल सका है। वर्ष 2018 में पुराने एमजीएम अस्पताल (साकची) में चूहों द्वारा शव का चेहरा और उंगलियां कुतरने की 2 घटनाएं सामने आयी थी। इसके बाद अप्रैल 2024 में भी मोर्चरी में रखे शव के पैर की उंगलियों को चूहों ने कुतर दिया था।
अब 396 करोड़ रुपये की लागत से बने डिमना स्थित नये एमजीएम अस्पताल के पोस्टमार्टम केंद्र की मोर्चरी में 18 वर्षीय राजू प्रमाणिक के शव की दोनों आंखें गायब होने का आरोप सामने आया है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और शवों की सुरक्षा के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं।
2018 : चार महीने के भीतर 2 घटनाएं
पुराने एमजीएम अस्पताल में सितंबर 2018 में रेलवे पुलिस द्वारा भर्ती कराये गये एक अज्ञात व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गयी थी। आरोप था कि मौत के बाद उसका शव इमरजेंसी वार्ड के शौचालय के पास करीब 10 घंटे तक पड़ा रहा और चूहों ने उसके चेहरे को बुरी तरह कुतर दिया। इस घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने चूहों से निपटने के लिए अभियान चलाने की बात कही थी। लेकिन दिसंबर 2018 में एक बार फिर 39 वर्षीय चंद्रशेखर शर्मा के शव की उंगलियों को चूहों ने कुतर दिया। अस्पताल के तत्कालीन उपाधीक्षक ने भी इस घटना की पुष्टि की थी।
2024 : मोर्चरी में रखे शव को भी नहीं बचा सके
11 अप्रैल 2024 को एमजीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखे मानगो के दाइगुट्टू निवासी 45 वर्षीय श्याम सिंह के शव को चूहों ने कुतर दिया था। परिजनों ने शव के पैर की उंगलियों और निजी अंग को क्षतिग्रस्त किया था। उस समय अस्पताल प्रबंधन ने बताया था कि मोर्चरी में 12 डीप फ्रीजर थे, जिनमें सात खराब पड़े थे। जगह की कमी के कारण शव को फ्रीजर के बाहर एसी वाले कमरे में रखा गया था। अस्पताल अधीक्षक ने भी फ्रीजर की खराबी और जगह की कमी को स्वीकार किया था।

2023 : शव को कुतरता मिला था आवारा कुत्ता
अप्रैल 2023 में भी एमजीएम अस्पताल परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति के शव को आवारा कुत्ता कुतरता मिला था। यह शव अस्पताल के दाल-भात केंद्र के पास पड़ा था। सुरक्षा गार्डों ने कुत्ते को भगाया और अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन शव को वहां से हटाकर मोर्चरी पहुंचाने में करीब 5 घंटे लग गये थे।
मोर्चरी की व्यवस्था भी रही सवालों के घेरे में
अप्रैल 2024 में ही अस्पताल के डीप फ्रीजर में खराबी के कारण शवों के सड़ने और दुर्गंध फैलने की खबर भी सामने आयी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, एक महीने से फ्रीजर का लॉक खराब था और शवों के सुरक्षित संरक्षण में परेशानी हो रही थी। अब नये एमजीएम अस्पताल में राजू प्रमाणिक के शव की दोनों आंखें गायब होने का आरोप सामने आने के बाद सवाल सिर्फ चूहों के आतंक का नहीं, बल्कि अस्पताल में शवों के संरक्षण, मोर्चरी की निगरानी और रखरखाव की जवाबदेही का भी है।
आखिर पुराने अस्पताल से लेकर नये भवन तक ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति क्यों हो रही है? क्या पहले की घटनाओं से अस्पताल प्रबंधन ने कोई सबक नहीं लिया?