साहिबगंज
साहिबगंज जिले के राजमहल प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में एक पेड़ के नीचे भारी मात्रा में एक्सपायरी सरकारी दवाइयां मिलने से लोगों में चर्चा का विषय बन गया है। एक ओर जहां सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों की कमी तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव की शिकायतें लगातार सामने आती रहती हैं, वहीं दूसरी ओर गर्भवती महिलाओं और मरीजों को वितरित की जाने वाली दवाइयां एक्सपायर होकर खुले में फेंकी जा रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार फेंकी गई दवाइयों में “आयरन एंड फोलिक एसिड टैबलेट्स आईपी” शामिल हैं।

दवा के पत्तों पर झारखंड सरकार का लोगो भी अंकित
यह दवा मुख्य रूप से गर्भवती महिलाओं तथा एनीमिया से पीड़ित मरीजों को दी जाती है। शरीर में आयरन, फोलिक एसिड और खून की कमी को दूर करने के लिए सरकार द्वारा इसे निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। दवा के पत्तों पर झारखंड सरकार का लोगो भी अंकित है, जिससे स्पष्ट है कि यह सरकारी आपूर्ति की दवा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाइयां कार्यालय परिसर तक कैसे पहुंचीं और इन्हें यहां किसने फेंका। मामले की जानकारी फैलते ही पूरे प्रखंड कार्यालय में इसकी चर्चा शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
.jpg)