logo

झारखंड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने प्रभार किया ग्रहण, भरोसा दिखाने के लिए वरीय नेताओं का आभार जताया

gauseva.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
आज पशुपालन निदेशालय हेसाग हटिया रांची स्थित सभागार में झारखंड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद एवं उपाध्यक्ष राजू गिरी का प्रभार ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और गौ माता के पूजन  एवं शंखध्वनि के साथ हुआ। आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से गौ पूजन किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष सह राज्य समन्वय समिति के सदस्य राजेश ठाकुर, झारखंड आवास बोर्ड  के अध्यक्ष संजय लाल पासवान उपस्थित रहे। कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग पशुपालन विभाग झारखंड की अधिसूचना संख्या 766 दिनांक 15 /06/2023 के तहत आयोग के सचिव डॉ मनोज कुमार के द्वारा प्रभार ग्रहण की कार्रवाई पूर्ण की गई। इस दौरान राजेश ठाकुर ने कहा कि गो सेवा से बड़ा पुण्य का औऱ कोई काम नहीं है। अब तक लोगों ने इस नाम पर सिर्फ राजनीति की। पहली बार गौ सेवा आयोग  हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड का गठन हुआ है। अच्छे और कर्मठ लोगों को जिम्मेवारी मिली है। मुझे पूरी उम्मीद है महागठबंधन सरकार में संबंद्ध विभाग में  अच्छा कार्य होगा। उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हों, विभागीय मंत्री बादल पत्रलेख हों दोनों संजीदा लोग हैं। उनका पूरा सहयोग और समर्थन आयोग को मिलेगा। 


गौ सेवा के लिए हर संभव कार्य करूंगा
राजीव रंजन प्रसाद ने सभी वरीय नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले संगठन कार्यों को पूर्ण लगन से करता रहा हूं। अब गौ माता की सेवा का मौका मिला है। आयोग में मेरी उपलब्धता हमेशा रहेगी। गो माता की सेवा के लिए नियमावली के तहत आयोग से हर संभव मदद का प्रयास करेंगे। राज्य की सभी गौशालाओं के पदाधिकारी व गौ सेवकों को मैं अस्वस्त करना चाहता हूं कि राज्य में गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मैं गौ सेवा आयोग से हर संभव मदद कराने के लिए हर समय उपलब्ध रहूंगा। गौ हत्या निषेध कानून का पूरे राज्य में सख्ती के साथ पालन हो। सरकार के साथ समन्वय बिठा कर यह सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता रहेगी। राज्य की सभी गौशालाओं का भ्रमण करूंगा और आयोग से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी गौशालाओं के पदाधिकारियों के साथ साझा करूंगा। जिससे गौशालाओं को लाभ मिले गायों को उपयुक्त मात्रा में भोजन मिले। 


उपाध्यक ने सीएम के प्रति जताया आभार
झारखंड गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजू गिरी ने अपने संबोधन में कहा कि मैं अपने नेतृत्व आदरणीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन एवं दूरदर्शी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार प्रकट करता हूं की मुझे ये जिम्मेदारी दी गई है। मैं अपने नेतृत्व और राज्य की सभी गौशालाओं के पदाधिकारियो को आस्वस्त करना चाहता हूं कि राज्य में गौशालाओं को गौ सेवा आयोग से हर संभव मदद कराने के लिए तत्पर रहूंगा।  गौशालाओं की गोचर भूमि की रक्षा करना मेरा सबसे बड़ा दायित्व रहेगा गौ सेवा आयोग जिन गौशालाओं का रजिस्ट्रेशन हुआ है। उन सभी गौशालाओं को नियम के साथ आयोग से मिलने वाली सब सुविधा समय पर दी जाएगी। 


हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : 
https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N