logo

बारिश ने बढ़ाई ठंड, अगले 5 दिनों तक झारखंड में कैसा रहेगा मौसम का हाल जानें 

बारिश ने बढ़ाई ठंड, अगले 5 दिनों तक झारखंड में कैसा रहेगा मौसम का हाल जानें 

द फॉलोअप डेस्कः 
पिछले दो दिनों से झारखंड के अलग-अलग जिलों में हो रही वर्षा ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। सोमवार को भी दिनभर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होती रही। बारिश की वजह से तापमान गिर गया है। तीन दिन पहले तक ही गर्मी का अहसास होने लगा था। लेकिन दो दिनों से ठंड बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के के अनुसार राज्य के पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, साहिबगंज के साथ साथ मध्य व निकटवर्ती हिस्से यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला व खूंटी में कहीं कहीं 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ-साथ वज्रपात भी हुआ।

कैसा रहेगा अगले पांच दिन तक मौसम
पांच मार्च यानि आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं छह और सात मार्च को राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना है। वहीं 8, 9 और 10 मार्च को आसमान साफ रहेगा। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने रुक-रुककर हो रही बारिश से आमजनों के साथ साथ किसानों को भी सतर्क रहने की हिदायत दी है। उन्होंने लोगों से इस मौसम में सतर्क रहने की अपील की है।


सबसे कम रांची का तापमान
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में अधिकांश हिस्सों में मेघगर्जन के साथ मध्यम दर्जे की वर्षा हुई है। सबसे अधिक वर्षा 39 मिमी धनबाद जिले के मैथन में रिकॉर्ड की गई।  वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29 डिग्री जमशेदपुर का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री रांची का रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी का अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।