logo

तपती गर्मी के बीच कई जिलों में हीटवेव की बनी स्थिति, इस दिन बारिश की बूंदों से मिलेगी राहत

01017.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में गर्मी की तपिश से लोग परेशान हैं। सुबह से गर्मी का असर नजर आने लगता है। दिन चढ़ने के साथ ही धूप लोगों को झुलसाने लगी है। झारखंड के चार जिलों का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। झारखंड में सबसे अधिक गर्म डाल्टेनगंज रहा। यहां 40.8 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, इसके बाद चाईबासा व जमशेदपुर में सबसे अधिक गर्मी पड़ रही है। यहां का पारा 40.4 डिग्री पहुंच चुका है।जबकि, गढ़वा का पारा 40 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, रांची का तापमान में 36.2 डिग्री दर्ज किया गया है। इस बीच पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम सिमडेगा व सरायकेला खरसांवा के लोगों के लिए अच्छी खबर है। इन जिलों में बारिश की बूंदों से राहत मिलने की उम्मीद है। दरअसल मौसम पूर्वानुमान पदाधिकारी रांची के अनुसार 14 से लेकर 16 अप्रैल तक झारखंड के विभिन्न जिलों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं मगर मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, 17 और 19 अप्रैल को राज्य के दक्षिणी भागों में यानी पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम सिमडेगा व सरायकेला खरसांवा में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

 

6 दिनों तक छाए रह सकते हैं आंशिक बादल
मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोत्तरी होगी। मौसम केंद्र के अनुसार राज्य में अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। उसके बाद अगले ती दिन किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, 14 अप्रैल से लेकर 19 अप्रैल तक यानि लगातार 6 दिनों तक आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान जताया गया है। मौसम पूर्वानुमान के तहत कहा गया है कि आंशिक बादल छाए रहेंगे मगर मौसम शुष्क रहेगा। रांची में भी आंशिक बादल छाए रहेंगे। हालांकि, इस दौरान रांची का तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। अनुमान के अनुसार 3 दिनों में रांची का भी पारा 40 पर पहुंच सकता है।

सबसे कम न्यूनतम तापमान  सिमडेगा का रहा
मौसम केंद्र के अनुसार बीते 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिकतम तापमान डाल्टेनगंज का 40.8 रहा। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.9 सिमडेगा का दर्ज किया गया। बोकारो का न्यूनतम तापमान 20.6, रामगढ़ का 21.3 और रांचीक न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहा।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT