logo

Jharkhand Weather Update : बारिश ने झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, इस दिन से पड़ेगी कड़ाके की ठंड

winter_knocks.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में सर्दी लगातार पैर पसार रही है। रांची समेत राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गुरुवार को हल्की बारिश हुई। इस बारिश के बाद अब आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। 4 दिसंबर के बाद राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार आज भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं राज्य के पश्चिमी जिले पलामू,गढवा और आसपास के जिले में हल्की बारिश होने के आसार है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से में बने चक्रवात तूफान का असर झारखंड में देखने को मिल रहा है। यह चार दिसंबर को आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तट से टकराएगा। इसी कारण राज्य के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। 


पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम ने लिया करवट
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बीते 24 घंटे में लोहरदगा, गुमला और रांची समेत कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई है। लोहरदगा में अच्छी बारिश हुई है। यहां 22.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। आसमान में बादल भी छाए हुए हैं। आज भी गढ़वा और पलामू में बारिश होने के आसार है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव हुआ है। दूसरा सिस्टम बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से में है, जो एक चक्रवातीय तूफान बन रहा है। यह चार दिसंबर को आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तट से टकराएगा। इसके कारण झारखंड में आंशिक बादल अभी कायम रहेंगे। इससे आनेवाले दिनों में ठंड बढ़ेगी।


24 घंटे में राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान रामगढ़ में 
राज्य में पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान रामगढ़ में 15.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची का न्यूनतम तापमान 16.8, जमशेदपुर का 18.0, मेदिनीनगर में 16.4, बोकारो में 16.2, देवघर में 16.4, गिरिडीह का 16.3 और गोड्डा का 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N