logo

मनोहरपुर को मिली बड़ी रेल सौगात, 5 सितंबर से रुकेगी टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस

INDIAN_RAILWAY.jpg

मनोहरपुर

पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। टाटानगर–एर्नाकुलम–टाटानगर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18189/18190) के मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव का शुभारंभ 5 सितंबर को किया जाएगा। इस संबंध में चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक तरुण हरिया ने सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर के विधायक जगत माझी को औपचारिक आमंत्रण पत्र भेजा है। पत्र में सांसद और विधायक से मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने का अनुरोध किया गया है।

दक्षिण भारत समेत विभिन्न स्थानों की यात्रा में सुविधा

मालूम हो कि सांसद जोबा माझी के द्वारा लगातार पत्राचार एवं रेल अधिकारियों के साथ बैठक में एर्नाकुलम एक्सप्रेस ट्रेन के मनोहरपुर स्टेशन में ठहराव की मांग को प्रमुखता से रखे जाने पर रेल मंत्रालय द्वारा बीते 28 अगस्त को ट्रेन के मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव को मंजूरी प्रदान की गई थी। लंबे समय से मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्री इस ट्रेन के ठहराव की मांग कर रहे थे। एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव शुरू होने से मनोहरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को टाटानगर, दक्षिण भारत समेत विभिन्न स्थानों की यात्रा में सुविधा मिलेगी। सांसद जोबा माझी 5 सितंबर को सुबह करीब 06:45 बजे अप टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस ट्रेन को मनोहरपुर स्टेशन में हरी झंडी दिखाकर रवाना करेगी। इस कार्यक्रम में डीआरएम तरुण हुरिया, सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी समेत रेल मंडल के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

Tags - Manoharpur Railway Station Tatanagar Ernakulam Express Chakradharpur Railway Division Indian Railway