द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी नवंबर के पहले सप्ताह में झारखंड आएंगे। वह अपने झारखंड दौरे में दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे। खूंटी में PESA को लेकर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में पांचवीं अनुसूची के पारंपरिक ग्राम प्रधानों का जुटान होगा। इसमें पेसा नियमावली के कार्यान्वयन पर कांग्रेस ग्राम प्रधानों के साथ मशविरा करेगी। दूसरा कार्यक्रम रांची में होगा। इसमें जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। साथ ही जिलाध्यक्षों के परिजनों से मुलाकात भी करेंगे। प्रदेश प्रभारी के राजू ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश को पत्र लिख कर इसकी जानकारी दी है। उसमें यह भी स्पष्ट किया है कि राहुल गांधी ने नवंबर के पहले सप्ताह में प्रस्तावित दोनों कार्यक्रमों में शामिल होने पर अपनी सहमति दे दी है।

केशव महतो कमलेश को लिखे पत्र में के राजू ने दोनों कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश कमेटी को आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है। उनमें पांचवीं अनुसूची वाले गांवों के पारंपरिक ग्राम सभा प्रधानों की सूची संबंधित DCC अध्यक्षों के साथ साझा करने को कहा गया है। साथ ही अक्टूबर महीने में प्रखंड मुख्यालय स्तर पर पारंपरिक ग्राम सभा प्रधानों के लिए PESA नियमावली पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने का निर्देश है। इसमें संबंधित DCC अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष और PESA मास्टर ट्रेनर की अनिवार्य उपस्थिति रहेगी। साथ ही परंपरागत ग्राम प्रधानों को व्यक्तिगत निमंत्रण पत्र भेजने और उन्हें पहचान पत्र जारी करने का भी निर्देश दिया गया है।
.jpeg)