logo

सरना धर्म कोड : राहुल गांधी के आश्वासन से आदिवासियों का कांग्रेस के प्रति बढ़ा विश्वास : बंधु तिर्की 

bandhutirky.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची 
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी 5 फरवरी को रांची पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने आदिवासियों के हक-अधिकार को लेकर कई बातें कही थी। राहुल गांधी ने कहा था कि अगर देश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो सरना धर्म कोड लागू किया जायेगा। इस बयान पर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधू तिर्की ने कहा है कि जमीनी स्तर पर लोगों की भावना और प्रभाव पूरी तरह कांग्रेस के पक्ष में है। झारखंडवासियों कि जनाकांक्षाओं की कसौटी पर खरा उतरने के लिये कांग्रेस और इसके नेता पूरी तरह से तैयार हैं। बंधू ने कहा कि राहुल गांधी के बयान के बाद आदिवासियों एवं मूलवासियों में कांग्रेस के प्रति विश्वास बढ़ा है।

आदिवासियों के मुद्दों पर केंद्र का नकारात्मक रवैया 
बंधू तिर्की ने बीजेपी पर आदिवासियों के ज्वलंत मुद्दों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र सरकार के साथ ही झारखंड के बीजेपी नेताओं ने सरना धर्म कोड, आदिवासियों की जमीन लूट, पांचवी अनुसूची, वनाधिकार कानून एवं आदिवासियों की अन्य संवैधानिक, न्यायोचित एवं बहुत दिनों से प्रतीक्षित मांगों के प्रति नकारात्मक रवैया अपनाया है। उन्होंने कहा कि ये सब आदिवासियों एवं मूलवासियों के प्रति बीजपी के उपेक्षात्मक व्यवहार का जिंदा प्रमाण है।

4 साल के कार्यकाल से कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल है
बीजेपी नेताओं की शासन व्यवस्था और उनकी प्रशासनिक कुशलता को झारखंड की जनता समझ चुकी है। क्योंकि झारखंड राज्य अलग होने के बाद सबसे अधिक समय तक बीजेपी के पास सत्ता रही। लेकिन बीजेपी के नेता इस राज्य का विकास करने के बजाये चमक-दमक में लगे रहे। उन्होंने कहा कि 4 साल से झारखंड में कांग्रेस की सहभागिता से गठबंधन सरकार काम कर रही है और उसने सरकार की लाभकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का सफल प्रयास किया है। हमारी सरकार भाजपा की तरह चमक-दमक में नहीं रही। झारखंड की सच्चाई यही है कि मौजूदा समय में जमीनी स्तर पर कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल है। चुनाव में आम लोगों, मतदाताओं और ग्रामीणों की भावना और आकांक्षा पर कांग्रेस के साथ ही उसके सभी नेता सफल होंगे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\