द फॉलोअप डेस्क, रांची
झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) की ओर से आयोजित ANM/GNM प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। परीक्षा के कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के छह परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की गई है।

रांची उपायुक्त के निर्देश पर BNSS की धारा-163 लागु किया गया है। निषेधाज्ञा 23 अगस्त 2026 को सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। आदेश के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या पांच से अधिक लोगों के एक जगह जमा होने पर रोक रहेगी। हालांकि सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी-कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा को इससे छूट दी गई है।
परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ जुटाने पर प्रतिबंध
परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी प्रकार की बैठक या आमसभा आयोजित करने पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि असामाजिक तत्व परीक्षा केंद्रों पर भीड़ जुटाकर विधि-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास कर सकते हैं। परीक्षा की सुरक्षा के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के संयुक्त आदेश पर पुलिस बल, पुलिस पदाधिकारी और दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति भी की गई है। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराना है।