logo

गुमला : जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण दिवस में नागरिकों की समस्याओं का किया गया समाधान

wertirftdnh46.jpg

द फॉलोअप डेस्क
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार आज समाहरणालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अपर समाहर्ता गुमला शशिंद्र कुमार बड़ाइक ने दूर-दराज़ से आए नागरिकों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश दिए। मौजा बड़ा लोरो के ग्रामीणों ने बताया कि गुमला अंचल अंतर्गत हल्का संख्या IV के सभी खतियान में त्रुटि है, जिससे रसीद कटवाने में परेशानी हो रही है। अपर समाहर्ता ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
चैनपुर निवासी मुनि कुमारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित समस्या बताते हुए कहा कि स्वीकृत भूमि पर पारिवारिक विवाद के कारण घर का निर्माण संभव नहीं है। उन्होंने वैकल्पिक भूमि पर घर बनाने की अनुमति मांगी, जिसे अपर समाहर्ता ने उप विकास आयुक्त के कार्यालय में अग्रसारित किया। घाघरा निवासी लक्ष्मी देवी ने आवेदन दिया कि उनके पति की मृत्यु वर्ष 2007 में उग्रवादी हिंसा में हुई थी। उन्होंने अनुग्रह अनुदान राशि और अनुकंपा नियुक्ति की मांग की, जिसे स्थापना शाखा को भेजा गया।
घाघरा प्रखंड के ऊपर हपाद ग्राम के ग्रामीणों ने खराब ट्रांसफार्मर की शिकायत की और मरम्मत की मांग की। अपर समाहर्ता ने इसे विद्युत विभाग को भेजा और आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही ग्रामीणों ने पानी की कमी की समस्या बताई और जालिम नदी से पाइप द्वारा पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया, जिसे PHED विभाग को अग्रसारित किया गया।
जन शिकायत निवारण दिवस में पारिवारिक विवाद, आपसी मतभेद, भूमि विवाद, विभिन्न योजनाओं से संबंधित कई शिकायतें प्राप्त हुईं। कई समस्याओं का समाधान वहीं किया गया जबकि शेष मामलों को शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।


 

Tags - Gumla News Gumla Updates gumla Latest news Gumala updates latest Gumla News Gumla News in Hindi Latest Gumla News gumla News in hindi latest gumla News Gumla News Updates