logo

15 सितंबर को टाटानगर से दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात देंगे प्रधानमंत्री मोदी, बैद्यनाथधाम से जुड़ेगा काशी विश्वनाथ स्टेशन

15 सितंबर को टाटानगर से दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात देंगे प्रधानमंत्री मोदी, बैद्यनाथधाम से जुड़ेगा काशी विश्वनाथ स्टेशन

द फॉलोअप डेस्कः 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को जमशेदपुर आने वाले हैं। जहां से वह संथाल परगना को 2 वंदे भारत ट्रेन की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री जमशेदपुर से बैद्यनाथधाम-काशी विश्वनाथ व दुमका-रांची वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखायेंगे। वंदे भारत ट्रेन बैद्यनाथधाम स्टेशन से खुलेगी और गया होते हुए वाराणसी तक जायेगी। वंदे भारत दोपहर 3:15 बजे बैद्यनाथधाम स्टेशन से खुलेगी व जसीडीह, झाझा, नवादा होते हुए शाम 7:10 बजे गया स्टेशन पहुंचेगी व गया से दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन होते हुए रात 10:20 बजे वाराणसी स्टेशन पहुंचेगी। वाराणसी से यह ट्रेन सुबह 6:20 बजे खुलेगी और सुबह 9:10 बजे गया स्टेशन पहुंचेगी। दोपहर 13:30 बजे बैद्यनाथधाम स्टेशन पहुंच जायेगी।

 
न्यू गिरिडीह स्टेशन होकर चलेगी दुमका-रांची वंदेभारत
वहीं दुमका-रांची वंदे भारत ट्रेन देवघर व मधुपुर से न्यू गिरिडीह स्टेशन होते हुए जमुआ, राजधनवार, कोडरमा, बरही व हजारीबाग होते हुए रांची जायेगी। इस ट्रेन की समय सारणी अभी नहीं आई है।  इस ट्रेन के साथ जसीडीह से होकर गुजरने वाली तीसरी वंदे भारत ट्रेन हो जायेगी। 


बता दें कि गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने 2 सितंबर को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भागलपुर-हावड़ा वाया हंसडीहा व दुमका वंदे भारत ट्रेन के परिचालन का प्रस्ताव दिया है। सांसद डॉ दुबे ने रेल मंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि दुमका झारखंड की उपराजधानी है। नोनीहाट संताल परगना का पारंपरिक राजधानी रह चुका है। उन्होंने यह भी कहा है कि हंसडीहा स्टेशन गोड्डा व बांका जिले के सेंटर प्वाइंट में है। इससे दोनों जिले के यात्रियों को सुविधा होगी। जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस में सीटें अक्सर फुल रहती हैं। हंसडीहा व दुमका होकर वंदे भारत का परिचालन होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।