logo

फिजी के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित की गयीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

िगरग.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को फिजी के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘कम्पैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी’ से सम्मानित किया गया है। मंगलवार को फिजी के राष्ट्रपति रातू विलियम ने भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी से सम्मानित किया। भारतीय राष्ट्रपति को मिलने वाला सम्मान फिजी का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। सम्मानित होने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि यह सम्मान भारत और फिजी के बीच गहरी मित्रता का प्रतीक है। गौरतलब है कि फिजी के बाद द्रौपदी मुर्मू न्यूजीलैंड और तिमोर-लेस्ते के लिए रवाना होंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने फिजी की संसद को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘‘जैसे-जैसे भारत वैश्विक मंच पर मजबूती से उभर रहा है, हम एक मजबूत, लचीला और अधिक समृद्ध राष्ट्र बनाने के लिए आपकी प्राथमिकताओं के अनुसार फिजी के साथ साझेदारी करने के लिए तैयार हैं। आइए, हम अपने दोनों प्रिय देशों के लोगों के पारस्परिक लाभ के लिए अपनी साझेदारी की पूरी क्षमता का उपयोग करने के लिए एक साथ आएं। ’’ उन्होंने कहा कि आकार में बहुत अंतर होने के बावजूद भारत और फिजी में जीवंत लोकतंत्र समेत काफी कुछ एक समान है। 

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘‘इनमें हमारा लोकतंत्र, हमारे समाज की विविधता, हमारी नस्ल कि सभी मनुष्य समान हैं, तथा प्रत्येक व्यक्ति की स्वतंत्रता, सम्मान और अधिकारों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता शामिल हैं। ये साझा मूल्य शाश्वत हैं तथा आगे भी हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।’’